भोपाल में प्लास्टिक के गोदाम में लगी भीषण आग, 5 किमी दूर से दिखा धुएं का गुबार; 6 घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू
भोपाल के करोंद इलाके के पास बड़वाई ग्रामीण क्षेत्र में एक प्लास्टिक गोदाम में भीषण आग लग गई, जिससे 5 किलोमीटर दूर तक धुएं का गुबार देखा गया। दमकलकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से करीब छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, हालांकि आग लगने का कारण अज्ञात है।

HighLights
बड़वाई ग्रामीण क्षेत्र में प्लास्टिक गोदाम में लगी भीषण आग।
बैरागढ, फतेहगढ़ और गांधी सागर से भेजी गईं दमकलें।
आग बुझाने के लिए फोम का भी लेना पड़ा सहारा।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। करोंद इलाके से करीब सात किलोमीटर दूर नगर निगम सीमा से बाहर बड़वाई ग्रामीण क्षेत्र में रविवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक प्लास्टिक गोदाम में अचानक भीषण आग भड़क उठी। गोदाम के भीतर कई टन प्लास्टिक और पुट्ठा जमा होने के कारण आग की लपटों ने चंद मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया। आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इससे उठने वाला काले धुएं का गुबार करीब पांच किलोमीटर दूर से ही साफ नजर आ रहा था।
सुबह करीब नौ बजे हुई इस घटना से पूरे ग्रामीण इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने आग की सूचना फायर कंट्रोल रूम को दी। आग लगने की सूचना मिलते ही इलाके के सैकड़ों ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। चूंकि यह गोदाम खेत के पास है, इसलिए खेत तक लपटें फैलने का गंभीर खतरा पैदा हो गया था।
किसी अनहोनी की आशंका से सहमे ग्रामीणों ने अपनी जान जोखिम में डालकर दमकलकर्मियों के साथ आग बुझाने में मदद शुरू की। हालांकि, प्लास्टिक जलने से उठ रहे जहरीले और घने धुएं के कारण स्थानीय लोगों को सांस लेने और आंखों में जलन जैसी परेशानियों का सामना भी करना पड़ा।
तीन फायर स्टेशन से पहुंची दमकलें
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बैरागढ़, फतेहगढ़ और गांधी नगर फायर स्टेशनों से कुल तीन दमकल गाड़ियों को तत्काल मौके पर रवाना किया गया। दमकलकर्मियों ने मोर्चा संभालते ही चारों तरफ से पानी की बौछारें शुरू कीं, लेकिन गोदाम में ठसाठस भरे प्लास्टिक और पुट्ठे के ढेर के नीचे आग लगातार सुलगती रही। ऊपर से पानी डालने के बावजूद भीतर की आग शांत नहीं हो रही थी।
आग पर काबू पाने लिया फोम का सहारा
फायर फाइटर पंकज यादव ने बताया कि भीतर सुलगती आग को बुझाने के लिए पानी के साथ-साथ विशेष रूप से फोम का इस्तेमाल करना पड़ा। दमकल टीम की करीब छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोपहर बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका।
आग बुझने पर ली राहत की सांस
राहत की बात यह रही कि समय रहते लपटों को नियंत्रित कर लिया गया, जिससे खेतों की ओर आग बढ़ने से टल गई। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का खुलासा नहीं हो सका है और मामले की जांच की जा रही है।
आग लगने का कारण अज्ञात है। करीब छह घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया, जांच जारी है।
- सौरभ कुमार पटेल, फायर ऑफिसर, भोपाल नगर निगम
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।