विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भोपाल जेल में बंद युवक की मौत पर बवाल, स्ट्रेचर पर शव लेकर भीड़ संग तीन किमी पैदल चले स्वजन

Published: Fri, 20 Nov 2026 10:32 PM (IST)

भोपाल जेल में बंद हर्षित राजपूत की मौत पर परिजनों ने शव लेकर सड़क पर प्रदर्शन किया, इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया। जेल अधीक्षक ने आरोपों को नकारा और बताया कि न्यायिक जांच शुरू हो चुकी है।

मृतक के परिजन हमीदिया अस्पताल से शव लेकर मुख्यमंत्री निवास के लिए निकले और पॉलिटेक्निक चौराहे पर चक्काजाम किया। (फोटो- जागरण)

मृतक के परिजन हमीदिया अस्पताल से शव लेकर मुख्यमंत्री निवास के लिए निकले और पॉलिटेक्निक चौराहे पर चक्काजाम किया। (फोटो- जागरण)

HighLights

  1. परिजन शव लेकर तीन किमी पैदल चले, प्रदर्शन किया।

  2. जेल में हर्षित के इलाज में लापरवाही का आरोप।

  3. जेल अधीक्षक ने आरोपों को नकारा, न्यायिक जांच जारी।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। जेल में बंद 21 वर्षीय बेटे की मौत पर इंसाफ मांगने के लिए शुक्रवार को एक परिवार को उसका शव लेकर सड़क पर उतरना पड़ा। शहर के हमीदिया अस्पताल से पोस्टमार्टम के बाद स्ट्रेचर पर बेटे का शव रखकर स्वजन करीब तीन किलोमीटर पैदल चले। पीछे 400 से 500 लोगों का हुजूम था। पॉलिटेक्निक चौराहा पर शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू हुआ तो पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। प्रदर्शनकारियों ने कार्रवाई के साथ मौत की न्यायिक जांच कराने की मांग की।

जेल में युवक के इलाज में लापरवाही का आरोप

स्वजन का आरोप है कि हर्षित की मौत सामान्य बीमारी से नहीं, बल्कि जेल में इलाज में हुई लापरवाही के कारण हुई है। परिवार ने जेल अधीक्षक और जेलर को जिम्मेदार ठहराते हुए कार्रवाई की मांग की।

मृतक के रिश्ते के चाचा और श्रीराजपूत करणी सेना के प्रचारक सुरेंद्र सिंह ने कहा कि न्याय मिलने तक परिवार पीछे नहीं हटेगा। उन्होंने शनिवार सुबह बागसेवनिया थाने के सामने शव रखकर चक्काजाम की चेतावनी दी है।

BPL DB on stretcher 21416

चार बार कोर्ट से लगाई गुहार, फिर भी नहीं मिला बेहतर इलाज

हर्षित राजपूत को चार अगस्त को मिसरोद थाने में दर्ज लूट के मामले में गिरफ्तार किया गया था। वह केंद्रीय जेल में बंद था। स्वजनों का आरोप है कि जेल में उसकी तबीयत लगातार बिगड़ रही थी। बेहतर इलाज के लिए परिवार ने चार बार अदालत में आवेदन दिया, लेकिन उसे दूसरे अस्पताल में रेफर नहीं किया गया।

हर्षित के भाई मोहित ने अस्पताल का वीडियो दिखाते हुए सवाल उठाया कि वेंटिलेटर पर जिंदगी के लिए संघर्ष कर रहे उसके भाई के पैरों में बेड़ियां क्यों बांधी गई थीं।

यह भी पढ़ें- भोपाल में थाने के डिटेंशन सेंटर से विदेशी नागरिक फरार, पहरे पर तैनात सिपाही लेता रहा खर्राटे; निलंबित

जेल अधीक्षक ने आरोपों को नकारा

वहीं, जेल अधीक्षक मानवेंद्र सिंह परिहार का कहना है कि हर्षित उल्टी-दस्त से पीड़ित था और जेल के डॉक्टर लगातार उसका उपचार कर रहे थे। बीमारी की जानकारी अदालत को भी दी गई थी। न्यायिक अभिरक्षा में मौत होने के कारण यह कस्टोडियल डेथ का मामला है और इसकी न्यायिक जांच शुरू हो चुकी है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।