विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भोपाल रिटायर्ड IAS हत्याकांड: फरार केयरटेकर पर 50 हजार रुपये का इनाम, 5 राज्यों में 15 टीमें तलाश में जुटीं

Published: Sun, 04 Oct 2026 12:43 AM (IST)

सेवानिवृत्त आईएएस राकेश अग्रवाल हत्याकांड में फरार केयरटेकर वरुण कुमार पर पुलिस ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. फरार केयरटेकर वरुण कुमार पर 50 हजार का इनाम घोषित।

  2. पांच राज्यों में 15 टीमें और तकनीकी टीमें तलाश में जुटीं।

  3. रिश्तेदारों से पूछताछ, केयरटेकर एजेंसी भी जांच के घेरे में।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी राकेश अग्रवाल हत्याकांड में फरार केयरटेकर वरुण कुमार की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस ने उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। आरोपी तक पहुंचने के लिए अब पुलिस मुख्यालय की दो विशेष तकनीकी टीमें भी जांच में जुट गई हैं। क्राइम ब्रांच और भोपाल जोन-1 की कुल 15 टीमें मध्य प्रदेश समेत पांच राज्यों में उसके संभावित ठिकानों और संपर्कों को खंगाल रही हैं।

पुराने मोबाइल नंबरों पर भी नजर

पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती वरुण की मौजूदा मोबाइल लोकेशन का पता नहीं चलना है। ऐसे में तकनीकी सेल अब उसके पुराने मोबाइल नंबरों की गतिविधियों को खंगाल रही है। पुलिस को इन नंबरों के दोबारा सक्रिय होने की जानकारी मिली है। इसके बाद पुराने नंबरों से जुड़े संपर्कों, कॉल डिटेल और अन्य डिजिटल फुटप्रिंट की जांच की जा रही है।

पुलिस की 11 टीमें क्राइम ब्रांच और चार टीमें भोपाल जोन-1 की हैं। इनके अलावा अलग-अलग टीमें पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और मध्य प्रदेश में वरुण के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

दो बहनों, पिता और सौतेली मां से पूछताछ

वरुण की तलाश में पुलिस उसके रिश्तेदारों और परिचितों से भी जानकारी जुटा रही है। पटियाला और आगरा निवासी उसकी दोनों बहनों से पूछताछ की जा चुकी है। वहीं ग्वालियर निवासी पिता और सौतेली मां से भी पुलिस ने जानकारी ली है। पड़ोसियों से वरुण की गतिविधियों, आने-जाने और संभावित संपर्कों के बारे में पूछताछ की गई है।

आगरा के बाद किस स्टेशन से पकड़ी ट्रेन?

जांच में आगरा-मथुरा रूट पर वरुण की आखिरी लोकेशन सामने आने के बाद पुलिस ने दिल्ली, हरियाणा और पंजाब की दिशा में निगरानी बढ़ा दी है। रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आगरा के बाद वरुण ने किस स्टेशन से ट्रेन पकड़ी और वह किस दिशा में गया।

15 लोगों के बयान दर्ज

हत्या की कड़ियां जोड़ने के लिए पुलिस अब तक 15 लोगों के बयान दर्ज कर चुकी है। इनमें राकेश अग्रवाल की पत्नी निशी, घरेलू सहायक अमर सिंह पालीवाल और उनकी पत्नी नीतू पालीवाल, दो घरेलू सहायिकाएं, माली, दो सफाईकर्मी, दो ड्राइवर, मालिश करने वाला और योगा इंस्ट्रक्टर शामिल हैं।

इन सभी से राकेश अग्रवाल की दिनचर्या, घर के माहौल, कर्मचारियों के साथ उनके संबंध और घटना से पहले की परिस्थितियों के बारे में जानकारी ली गई है। राकेश अग्रवाल के बेटे सिद्धांत शनिवार को अस्थियां लेकर प्रयागराज गए हैं। उनके लौटने के बाद पुलिस उनका बयान दर्ज करेगी।

केयरटेकर उपलब्ध कराने वाली एजेंसी भी जांच के घेरे में

वरुण को राकेश अग्रवाल के घर काम पर भेजने वाली वर्मा होम हेल्थ केयर एजेंसी भी पुलिस जांच के दायरे में है। परिवार की ओर से एजेंसी संचालक अखिलेश वर्मा के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की गई है। पुलिस एजेंसी के सुपरवाइजर आनंद वर्मा के बयान दर्ज कर चुकी है।

अब पुलिस वरुण की भर्ती, उसके दस्तावेजों के सत्यापन और उसे राकेश अग्रवाल के घर भेजने की पूरी प्रक्रिया की पड़ताल कर रही है।

ठगी का मामला भी जांच में

जांच के दौरान राकेश अग्रवाल के साथ चार साल पहले हुई करीब चार करोड़ रुपये की ठगी का मामला भी सामने आया है। यह प्रकरण कमलानगर थाने में दर्ज हुआ था। इसके अलावा पिछले साल क्राइम ब्रांच में दर्ज करीब एक करोड़ रुपये की ठगी के मामले की जानकारी भी पुलिस को मिली है।

पुलिस इन दोनों मामलों से जुड़े दस्तावेज और परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है। हालांकि, अभी तक इन मामलों में आरोपित रहे लोगों से संपर्क नहीं किया गया है।

यह भी पढ़ें- भोपाल रिटायर्ड IAS हत्याकांड: 1 करोड़ की धोखाधड़ी से लेकर आगरा में मिले मोबाइल तक... जांच में सामने आए नए तथ्यों ने बढ़ाया सस्पेंस

29-30 सितंबर की रात हुई थी हत्या

बता दें कि 1982 बैच के आईएएस अधिकारी रहे राकेश अग्रवाल (72) की 29-30 सितंबर की दरमियानी रात सूरज नगर स्थित उनके घर में हत्या कर दी गई थी। पुलिस के मुताबिक, वारदात में उनके केयरटेकर वरुण कुमार पर आरोप है, जो 26 सितंबर को ही उनके यहां काम पर आया था।

आरोप है कि वरुण ने सोते समय राकेश अग्रवाल की गला रेतकर हत्या की और इसके बाद उनका मोबाइल फोन, जेवर और नकदी लेकर फरार हो गया। घटना के बाद से पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी है।