ट्रेनों में रात को कब होती हैं सर्वाधिक चोरियां? भोपाल GRP के विश्लेषण में सामने आई चौंकाने वाली हकीकत
भोपाल जीआरपी के आंकड़ों के अनुसार, ट्रेनों में चोरी की अधिकांश घटनाएं तड़के 3 से 6 बजे के बीच होती ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।
HighLights
ट्रेनों में सर्वाधिक चोरियां तड़के 3 से 6 बजे के बीच होती हैं।
स्लीपर कोच में चोरी की सर्वाधिक 1414 घटनाएं दर्ज की गईं।
जीआरपी ने पेट्रोलिंग बढ़ाई, हेल्पलाइन की शिकायतों की समीक्षा की।
अंजली तोमर, भोपाल। ट्रेन में सफर के दौरान अगर आप भी गहरी नींद में सो जाते हैं और अपना सामान सीट के पास रखकर बेफिक्र रहते हैं, तो सावधान हो जाइए। रेल यात्रियों के सामान पर चोरों की सबसे ज्यादा नजर तड़के तीन से छह बजे के बीच रहती है। यह वह समय है, जब अधिकांश यात्री नींद में होते हैं और अपने सामान की सुरक्षा को लेकर लापरवाह हो जाते हैं। जीआरपी भोपाल के आंकड़े भी इस खतरे की पुष्टि कर रहे हैं।
जीआरपी के अनुसार, एक जनवरी से 27 अक्टूबर 2026 के बीच ट्रेनों में चोरी के कुल 2198 मामले दर्ज किए गए। इनमें से 1230 वारदात सुबह तीन से छह बजे के बीच हुईं। यानी चोरी की आधे से अधिक घटनाएं इसी तीन घंटे के दौरान सामने आईं। इसके बाद दूसरा सबसे संवेदनशील समय रात 12 से सुबह तीन बजे तक रहा, जब चोरी के 968 मामले दर्ज किए गए।
आंकड़ों के मुताबिक, सुबह छह से नौ बजे के बीच 741, रात नौ से 12 बजे के बीच 486 और दोपहर तीन से शाम छह बजे के दौरान 469 चोरी की घटनाएं हुईं। इन आंकड़ों से साफ है कि रात और अलसुबह का समय रेल यात्रियों के लिए सबसे ज्यादा सतर्क रहने वाला है।
स्लीपर कोच में चोरों की सबसे ज्यादा सक्रियता
कोच के हिसाब से देखें तो स्लीपर श्रेणी में चोरी की सर्वाधिक 1414 घटनाएं दर्ज की गईं। जनरल कोच में 1383 और एसी कोच में 1049 मामले सामने आए। वहीं, दिव्यांग कोच में चोरी के 14 और महिला कोच में चार मामले दर्ज किए गए।
जीआरपी के आंकड़े बताते हैं कि चोर यात्रियों की नींद और असावधानी का फायदा उठाकर वारदातों को अंजाम देते हैं। खासकर स्लीपर और जनरल कोच में यात्रियों के सामान पर नजर रखना चुनौतीपूर्ण हो जाता है। ऐसे में रात के सफर के दौरान मोबाइल, पर्स और बैग को सुरक्षित रखना और सोते समय सामान को अपने पास बांधकर रखना जरूरी है।
पिछले छह महीनों में जीआरपी की कार्यप्रणाली में बदलाव किए गए हैं। ट्रेनों में नियमित पेट्रोलिंग बढ़ाई गई है। 139 हेल्पलाइन पर मिली शिकायतों की सुबह-शाम समीक्षा होती है। त्वरित कार्रवाई के लिए दूसरे राज्यों की जीआरपी से भी समन्वय किया जा रहा है।
-राजा बाबू सिंह, स्पेशल डीजी, रेल
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।