विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भोपाल में सीएम हाउस के नजदीक डॉक्टर से दिनदहाड़े लूट, टक्कर मारकर गिराया, मिर्च पाउडर डालकर लूटा सामान

Published: Fri, 10 Apr 2026 06:56 PM (IST)

भोपाल में मुख्यमंत्री निवास के पास एक डॉक्टर को दिनदहाड़े लूट लिया गया। बदमाशों ने साइकिल सवार डॉ. मनोज वर्मा ...और पढ़ें

बाइक सवार बदमाशों ने लूटा (प्रतीकात्मक चित्र)

बाइक सवार बदमाशों ने लूटा (प्रतीकात्मक चित्र)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, भोपाल। राजधानी में अज्ञात बदमाशों ने मुख्यमंत्री निवास से महज 200 मीटर की दूरी पर दिनदहाड़े एक डॉक्टर की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर लूट लिया। श्यामलाहिल्स इलाके में साइकिल से घूमने निकले वरिष्ठ डॉक्टर को निशाना बनाते हुए बदमाशों ने पहले बाईक से टक्कर मारकर गिराया, फिर आंखों में मिर्च पाउडर झोंककर उनके साथ लूटपाट की और मौके से फरार हो गए। बदमाशों ने डॉक्टर के हाथ में पहने सोने का कड़ा, स्मार्टवाच और नकदी लूटी है। साथ ही हथियारों से लैस बदमाशों ने विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी।

वहीं साइकिल से गिरने के कारण डाक्टर का कूल्हा फ्रैक्चर हुआ है और वे फिलहाल अस्पताल में भर्ती हैं। हाई सिक्योरिटी जोन में हुई लूट की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पीछे से मारी टक्कर

पुलिस के अनुसार 64 वर्षीय डॉ. मनोज वर्मा डायरेक्ट्रेट आफ हेल्थ के टीबी ट्रेनिंग सेंटर में एचओडी के पद पर पदस्थ हैं। रोजाना की तरह शुक्रवार सुबह साइकिलिंग के लिए निकले थे। सुबह करीब 10 बजे घर लौटते समय जब वह किलोल पार्क से दानिश आइसक्रीम पार्लर के बीच पहुंचे, तभी पीछे से आए बाइक सवार दो युवकों ने उनकी साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।

सामने से आए बदमाशों ने झोंकी मिर्च

अचानक हुए इस हमले में डॉक्टर सड़क पर गिर पड़े और घायल हो गए। जैसे ही डाक्टर संभलने की कोशिश कर रहे थे, तभी सामने से दो अन्य बदमाश आ पहुंचे और उन्होंने डाक्टर की आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया। आंखों में जलन और दर्द के कारण डॉक्टर पूरी तरह असहाय हो गए। इसी मौके का फायदा उठाकर आरोपितों ने उनके हाथ से सोने का कड़ा, कलाई से स्मार्ट वाच और जेब में रखी नकदी छीन ली। पूरी वारदात महज दो मिनट के भीतर अंजाम देकर बदमाश फरार हो गए।

कूल्हे की हड्डी टूटी

घायल अवस्था में डॉक्टर मनोज वर्मा को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां जांच में उनके कूल्हे की हड्डी में फ्रैक्चर पाया गया। फिलहाल उनका इलाज जेपी अस्पताल में जारी है। पीड़ित डाक्टर ने बताया कि बदमाश बेहद आक्रामक थे और उन्होंने विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। एक आरोपित के हाथ में चाकू भी था, जिससे दहशत और बढ़ गई। उन्होंने कहा कि मिर्च पाउडर डाले जाने के कारण वह कुछ भी देखने और प्रतिक्रिया देने की स्थिति में नहीं थे।

यह भी पढ़ें- भोपाल में BPL राशनकार्ड घोटाला : SDM की आईडी-पासवर्ड का दुरुपयोग कर बने फर्जी कार्ड, 37 निरस्त; बड़े रैकेट के संकेत

घटना के दौरान आसपास मौजूद लोग भी बदमाशों के हौसले और हथियारों के कारण हस्तक्षेप करने की हिम्मत नहीं जुटा सके। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित तेजी से मौके से फरार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

पुलिस खंगाल रही CCTV

श्यामलाहिल्स थाना प्रभारी भूपेंद्र कौर संधू का कहना है कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल जा रहे हैं और आरोपितों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। शंका है कि बदमाशों ने पहले रैकी की, फिर डाक्टर का पीछा कर वारदात का अंजाम दिया है। क्षेत्र के संदिग्ध बदमाशों से भी पूछताछ जारी है।