विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भोपाल में गोवंश वध के आरोप पर तनाव, बजरंग दल-विहिप का थाने पर प्रदर्शन; आरोपियों के घर बुलडोजर चलाने की मांग

Published: Sun, 15 Nov 2026 04:54 PM (IST)

भोपाल के जहांगीराबाद में गोवंश वध के आरोप पर तनाव फैल गया। बजरंग दल और विहिप कार्यकर्ताओं ने थाने का ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।

-प्रतीकात्मक चित्र।

HighLights

  1. भोपाल के जहांगीराबाद में गोवंश वध का आरोप।

  2. बजरंग दल, विहिप कार्यकर्ताओं ने थाने का घेराव किया।

  3. आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। राजधानी भोपाल के जहांगीराबाद इलाके में रविवार तड़के गोवंश वध के आरोप को लेकर तनाव की स्थिति बन गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के कार्यकर्ताओं ने शब्बन चौराहे पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और उनके घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग उठाई। इसके बाद आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने जहांगीराबाद थाने का घेराव कर धरना दिया। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य संदिग्धों की तलाश की जा रही है।

मौके पर पांच गायें जीवित और तीन के अवशेष मिलने का दावा

जानकारी के अनुसार, रविवार तड़के करीब तीन से चार बजे बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को जहांगीराबाद क्षेत्र में गोवंश काटे जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। संगठन के कार्यकर्ताओं का दावा है कि घटनास्थल पर पांच गायें जीवित मिलीं, जबकि तीन गायों के अवशेष पड़े हुए थे।

घटना का विरोध करने के दौरान वहां विवाद की स्थिति बन गई। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि विरोध के बीच कुछ लोगों ने उन पर हमला किया और उनके वाहन में तोड़फोड़ भी की। इसके बाद मामला और गरमा गया।

चार नामजद लोगों पर कार्रवाई की मांग, दो गिरफ्तार

प्रदर्शनकारियों ने अजहर अली, इमरान, आदिल और मुज्बील नाम के व्यक्तियों पर गोवंश वध की घटना में शामिल होने का आरोप लगाया है। कार्यकर्ताओं की ओर से तीन संदिग्धों को पकड़कर पुलिस के हवाले करने की बात भी कही गई है। पुलिस ने फिलहाल दो आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें- महाकुंभ से सुर्खियों में आई साध्वी हर्षा रिछारिया ऑनलाइन बुलींग का शिकार, भोपाल साइबर सेल में की शिकायत

थाने का घेराव कर धरने पर बैठे कार्यकर्ता

घटना से नाराज बजरंग दल और विहिप के कार्यकर्ताओं ने जहांगीराबाद थाने पहुंचकर धरना दिया। उन्होंने बरामद अवशेषों का चिकित्सकीय परीक्षण कराने, गोवंश वध में शामिल लोगों की पहचान कर सख्त कार्रवाई करने और कार्यकर्ताओं पर हमले तथा वाहन में तोड़फोड़ के मामले में भी एफआईआर दर्ज करने की मांग की।

प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के साथ उनके अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाने की मांग भी उठाई।

जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई

पुलिस का कहना है कि घटनास्थल से मिले अवशेषों की जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर गोवंश वध के आरोपों की पुष्टि की जाएगी। साथ ही, कार्यकर्ताओं पर कथित हमले और वाहन में तोड़फोड़ के आरोपों की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।