ट्विशा के माता-पिता को झटका: दोबारा पोस्टमॉर्टम की मांग खारिज, MP सरकार CBI जांच कराएगी
भोपाल कोर्ट ने ट्विशा शर्मा के दोबारा पोस्टमार्टम की अपील खारिज कर दी है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मामले की ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, भोपाल। शादी के पांच माह बाद ही शहर के कटारा हिल्स में अपनी ससुराल में मृत पाई गई नोएडा की टि्वशा शर्मा के स्वजन की दोबारा पोस्टमार्टम कराने की अपील भोपाल स्थित न्यायिक मजिस्ट्रेट (प्रथम श्रेणी) अनुदिता गुप्ता की कोर्ट ने खारिज कर दी। उधर, मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सीबीआइ जांच के लिए केंद्र को पत्र लिखने की सहमति जताई है।
कोर्ट ने फैसले में यह कहा
कोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि ट्विशा का पोस्टमार्टम भोपाल स्थित एम्स जैसे प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थान में किया गया था। अब तक पुलिस ने उस पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर किसी प्रकार की आपत्ति दर्ज नहीं कराई है। अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 197 के तहत स्थानीय अदालत के अधिकार क्षेत्र की सीमाएं हैं। भोपाल कोर्ट दिल्ली स्थित एम्स में दोबारा पोस्टमार्टम कराने का आदेश नहीं दे सकती।
सीएम से मिले ट्विशा के स्वजन
इधर, दोबारा पोस्टमार्टम कराने की याचिका पर कोर्ट का निर्णय आने से पहले टि्वशा के स्वजन मंत्रालय पहुंचकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मिले। उन्होंने मामले की सीबीआई जांच, रिटायर्ड जज सास गिरिबाला की जमानत याचिका खारिज कराने, पति समर्थ की तत्काल गिरफ्तारी, दोबारा पोस्टमार्टम करवाने और पार्थिव शरीर के स्थानांतरण के लिए लॉजिस्टिक सहायता की मांग की। मुख्यमंत्री ने इनमें से चार बिंदुओं पर सहमति जताई। उन्होंने स्पष्ट किया कि जमानत याचिका कोर्ट का मामला है।
स्वजन ने पति-सास पर दर्ज कराया है केस
बता दें कि भोपाल स्थित ससुराल में 33 वर्ष की ट्विशा शर्मा 12 मई की रात्रि को फांसी के फंदे से लटकी पाई गई थी। टि्वशा सेवानिवृत्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश गिरिबाला सिंह की बहू थी। टि्वशा के स्वजन ने उसके पति समर्थ व सास गिरिबाला सिंह के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था।
समर्थ की गिरफ्तारी पर इनाम की राशि बढ़ाई
पोस्टमार्टम में उसके सिर, कान और हाथ पर चोट के निशान की पुष्टि हुई थी। डॉक्टरों ने साफ किया था कि ये चोटें मौत से पहले की थीं, जो किसी ठोस वस्तु (ब्लंट ऑब्जेक्ट) से पहुंचाई गई प्रतीत हो रही थीं। वहीं, दहेज हत्या के मामले में आरोपित पति समर्थ सिंह की जमानत याचिका सोमवार को जिला कोर्ट ने खारिज कर दी थी। इधर पुलिस ने फरार पति समर्थ पर इनाम 10 हजार से बढ़ाकर 30 हजार कर दिया है।
पुलिस को शव सुरक्षित रखने का आदेश
कोर्ट ने शहर के कटारा हिल्स थाना प्रभारी को आदेशित किया है कि शव को मध्य प्रदेश की सीमा के भीतर किसी बड़े चिकित्सा संस्थान में माइनस 80 डिग्री सेल्सियस तापमान पर सुरक्षित रखने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में किसी आवश्यकता की स्थिति में साक्ष्य प्रभावित न हों।
