विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भोपाल में 12वीं पास ठग का हाईप्रोफाइल खेल! कभी खुद को IAS तो कभी PMO का अफसर बताकर की करोड़ों की ठगी

By Prashant VyasEdited By: Ravindra Soni
Published: Wed, 25 Nov 2026 05:40 PM (IST)

भोपाल में 12वीं पास एक शातिर ठग ने खुद को IAS या PMO अधिकारी बताकर करोड़ों की धोखाधड़ी की। वह नौकरी, सरकारी ठेके और आर्म्स लाइसेंस दिलाने के नाम पर लोगों को ठगता था और अब पुलिस की गिरफ्त में है।

पहले चित्र में आर्म्स लाइसेंस के लिए फरियादी से रकम लेकर गिनता आरोपी रामानुज गुर्जर। (वीडियो ग्रैब)

पहले चित्र में आर्म्स लाइसेंस के लिए फरियादी से रकम लेकर गिनता आरोपी रामानुज गुर्जर। (वीडियो ग्रैब)

HighLights

  1. 12वीं पास ठग ने खुद को IAS/PMO अधिकारी बताकर ठगा।

  2. करोड़ों की धोखाधड़ी के 10 से अधिक मामले दर्ज।

  3. आर्म्स लाइसेंस बनवाने के नाम पर सात लाख की ठगी।

प्रशांत व्यास, भोपाल। चोर चोरी से जाए, लेकिन हेराफेरी से न जाए... राजधानी भोपाल में एक ऐसे शातिर ठग का मामला सामने आया है, जिसने महज 12वीं तक पढ़ाई की, लेकिन खुद को कभी IAS अधिकारी तो कभी प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) में पदस्थ अफसर बताकर लोगों को करोड़ों रुपये का चूना लगा दिया।

वकीलों को बड़ी कंपनियों में नौकरी दिलवाने का झांसा दिया तो सरपंचों और बिल्डरों को सरकारी ठेके दिलाने के नाम पर ठगी की। लंबे समय तक जेल में रहने के बावजूद उसका कथित ठगी का सिलसिला नहीं थमा। अब आर्म्स लाइसेंस बनवाने के नाम पर सात लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया है।

आरोपित की पहचान 40 वर्षीय रामानुज गुर्जर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में 10 से ज्यादा शिकायतें दर्ज हैं। इनमें करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी के आरोप लगाए गए हैं। हालांकि, इनमें से ज्यादातर शिकायतें अभी जांच के दायरे में हैं।

जेल से छूटते ही बदला नाम 

रामानुज मूल रूप से नजीराबाद थाना क्षेत्र के भमौरा गांव का रहने वाला है। फिलहाल वह पत्नी और दो बच्चों के साथ गांधीनगर की एयरोसिटी कॉलोनी में रह रहा था। करीब 14 साल पहले भी वह हाईप्रोफाइल धोखाधड़ी के मामलों में चर्चा में आया था।

वर्ष 2012 में जयपुर के ज्योतिनगर थाने में एक वकील ने उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि उसने खुद को प्रधानमंत्री कार्यालय में पदस्थ IAS अधिकारी बताकर एक बड़ी फर्म में कानूनी सलाहकार की नौकरी दिलाने का भरोसा दिया और इसके एवज में पांच लाख रुपये ले लिए।

शिकायत के बाद जयपुर पुलिस ने उसे भोपाल की अरेरा कॉलोनी से गिरफ्तार किया था। उस समय उसने अपनी पहचान रामबाबू उर्फ रामप्रसाद के रूप में बताई थी। बाद में रामानुज नाम से ठगी की अन्य वारदातों को अंजाम देने लगा।

छह सरपंचों को सरकारी ठेका दिलाने का दिया झांसा

नवंबर 2012 में भोपाल के हबीबगंज थाने में भी उसके खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज हुआ था। आरोप था कि उसने छह सरपंचों को सरकारी ठेके दिलाने का भरोसा देकर करीब 12 लाख रुपये ऐंठ लिए थे। इन मामलों में गिरफ्तारी के बाद उसे लंबे समय तक जेल में रहना पड़ा।

लेकिन जेल से बाहर आने के बाद भी उसने कथित तौर पर अपना पुराना तरीका नहीं छोड़ा। सरकारी अधिकारियों से ऊंची पहुंच और काम कराने की क्षमता का दावा कर लोगों को अपने जाल में फंसाता रहा।

आर्म्स लाइसेंस के नाम पर सात लाख रुपये ठगे

ताजा मामला गुनगा के बर्री गांव निवासी रामनारायण गुर्जर की शिकायत से जुड़ा है। आरोप है कि रामानुज ने कलेक्ट्रेट में अधिकारियों से अपनी पहचान होने का दावा करते हुए उनका आर्म्स लाइसेंस बनवाने का भरोसा दिया था।

इस काम के बदले उसने फरियादी से दो बार घर बुलाकर तीन लाख रुपये नकद लिए। इसके अलावा करीब तीन लाख रुपये अलग-अलग किस्तों में ऑनलाइन ट्रांसफर कराए। वहीं, एक लाख रुपये की डीडी बनवाकर अपने खाते में जमा करा ली। इस तरह कुल सात लाख रुपये लेने के बावजूद उसने लाइसेंस नहीं बनवाया।

यह भी पढ़ें- नितिन नवीन के कूटरचित वीडियो पर MP में गरमाई सियासत, साइबर थाने पहुंची भाजपा; पीसी शर्मा पर FIR की मांग

नोटों की गड्डियां लेते वीडियो भी आया सामने

इस मामले में रकम देते समय का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें आरोपित नोटों की गड्डियां लेते दिखाई दे रहा है। बताया गया कि यह वीडियो उसके ममेरे भाई भगवान सिंह गुर्जर ने बनाया था।

गांधीनगर पुलिस ने करीब एक सप्ताह पहले शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया और रामानुज को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस अब उसके खिलाफ सामने आई अन्य शिकायतों और पुराने मामलों की भी पड़ताल कर रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।