विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मीनाक्षी का नामांकन निरस्त करने के विरोध में कांग्रेस का प्रदेशव्यापी सत्याग्रह, रखा सामूहिक उपवास; दिग्विजय बोले- ‘लोकतंत्र की हत्या हुई’

Published: Wed, 10 Jun 2026 02:30 PM (GMT+05:30)Updated: Wed, 10 Jun 2026 06:30 PM (GMT+05:30)

मीनाक्षी नटराजन का राज्यसभा नामांकन निरस्त होने के विरोध में मध्य प्रदेश कांग्रेस ने प्रदेशव्यापी धरना-उपवास किया। कांग्रेस नेताओं ने ...और पढ़ें

रोशनपुरा चौक पर धरने पर बैठे कांग्रेस नेता।

रोशनपुरा चौक पर धरने पर बैठे कांग्रेस नेता।

HighLights

  1. मीनाक्षी नटराजन का राज्यसभा नामांकन निरस्त होने पर कांग्रेस का विरोध।

  2. दिग्विजय सिंह ने इसे लोकतंत्र की हत्या बताया, भाजपा पर आरोप।

  3. कांग्रेस ने आगे आंदोलन और राष्ट्रपति से मिलने की घोषणा की।

राज्य ब्यूरो, भोपाल। मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किए जाने के विरोध में बुधवार को पार्टी नेता सड़क पर उतरे। जिला मुख्यालयों पर कांग्रेस नेताओं ने पांच घंटे का धरना-उपवास रखा, जो अपराह्न चार बजे खत्म हुआ। भोपाल के रोशनपुरा चौराहे पर उपवास पर बैठे पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी सहित विधायकों ने रिटर्निग आफिसर द्वारा नामांकन निरस्त करने को अवैधानिक कार्य बताया।

उन्होंने आरोप लगाया कि यह कार्य भाजपा के दबाव में किया गया, क्योंकि जिस मामले को आधार बनाकर कार्रवाई की गई, वह केवल नोटिस है और उसका उल्लेख करना आवश्यक नहीं है। यह लड़ाई केवल एक राज्यसभा सीट, मीनाक्षी नटराजन या कांग्रेस की नहीं बल्कि लोकतंत्र और संविधान को बचाने की है, जिसे हर स्तर पर लड़ा जाएगा।

इसके पहले युवक कांग्रेस ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। विरोधस्वरूप कार्यालय के दरवाजे पर आरएसएस का गणवेश टांग आए। कांग्रेस ने गुरुवार को दिल्ली में सभी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, प्रदेश प्रभारी और नेता प्रतिपक्ष की बैठक बुलाई है।

50 साल की राजनीति में ऐसा नहीं देखा : दिग्विजय

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि लालच, तोड़-फोड़ के सभी प्रयास जब विफल हो गए तो भाजपा ने आखिरी दांव एक दस्तावेज के आधार पर खेला। मंगलवार को लोकतंत्र की हत्या हुई। 50 साल सक्रिय राजनीति में हो गए मगर ऐसा नहीं देखा। लोग नियम-कानून से डरते थे, लेकिन अब तक इन्हें कानून, नियम, संविधान की परवाह नहीं है।

congress protest upwas 215416

परीक्षाओं में पेपर लीक हो रहे हैं, परीक्षाएं निरस्त हो रही हैं। भोपाल में कर्मचारी चयन मंडल की परीक्षा में ब्लैक लिस्ट कंपनी को ठेका दिया गया। आज लोकतंत्र के साथ-साथ युवाओं के भविष्य पर खतरा है। राहुल गांधी निडरता के साथ लड़ रहे हैं। भाजपा झूठ फैलाने का प्रयास करेगी, बातें फैलाएगी, हमें अपनों पर भरोसा करना है और एकजुटता के साथ मुकाबला करना है।

भाजपा का लोकतंत्र में भरोसा नहीं : सिंघार

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि वोट चोरी के बाद अब सीट चोरी करने लगे हैं। जिस तरह से मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किया गया, उससे साफ है कि भाजपा का लोकतंत्र में विश्वास नहीं है। हम लड़ेंगे और जीतेंगे। प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी हरीश चौधरी ने कहा कि भाजपा ने हमारे विधायकों को यहां-वहां करने के तमाम प्रयास किए, कई तरह की बातें फैलाई लेकिन जब यह साफ हो गया कि वह चुनाव जीतने की स्थिति में नहीं है तो अवैधानिक तरीके से नामांकन निरस्त किया गया। यह पहले से ही तय करके रखा था।

भाजपा भ्रम फैलाएगी, यही उसका काम

उधर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा नैरेटिव सेट कर रही है कि कांग्रेस के विधायक हमारे संपर्क में थे, पहले बात हो गई थी, कागज कांग्रेस के भीतर से मिला आदि-आदि मगर इनके बहकावे में आने की आवश्यकता नहीं है। जिस कागज का कोई मतलब ही नहीं था, उसका जिस तरह का उपयोग हुआ, वैसे देश में कभी नहीं हुआ। कांग्रेस में फूट थी, यह मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को 2028 में पता चलेगा। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार से कहा कि विधानसभा के प्रमुख सचिव अरविंद शर्मा (राज्यसभा चुनाव के रिटर्निंग आफिसर), आरएसएस के व्यक्ति हैं और उन्होंने जो काम किया है, उसके विरुद्ध निंदा प्रस्ताव लाओ।

jitu patwari upwas 2154

ब्लॉक मुख्यालय, सीएम हाउस का होगा घेराव

पटवारी ने घोषित किया कि वरिष्ठ नेताओं को एक-एक जिले में भेजा जाएगा। गुरुवार को सभी ब्लॉक मुख्यालयों पर धरना होगा तो आगामी आठ दिन के भीतर कलेक्टर या भाजपा कार्यालय का घेराव किया जाएगा। इसके बाद मुख्यमंत्री निवास या मुख्य निर्वाचन कार्यालय का घेराव किया जाएगा। नेता प्रतिपक्ष ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से समय मांगा है। यदि नहीं मिलता है तो सभी विधायक राष्ट्रपति भवन तक मार्च करेंगे।

 

यह भी पढ़ें- MP में मीनाक्षी का नामांकन रद होने पर सियासी संग्राम: निर्वाचन कार्यालय के बाहर धरने पर बैठे कांग्रेस नेता, SC जाने की तैयारी