भोपाल में घर की आग बुझाकर लौट रहे थे तीन भाई, रात के अंधेरे में कुएं में गिरी कार; पेड़ के सहारे बची जान
भोपाल में घर की आग बुझाकर लौट रहे तीन भाइयों की कार सामने से आ रहे ट्रक की तेज रोशनी ...और पढ़ें

कुएं में गिरी कार को निकालते हुए बचावकर्मी।
HighLights
ट्रक की तेज रोशनी से कार का संतुलन बिगड़ा।
कार सड़क किनारे खुले कुएं में जा गिरी।
कुएं में मौजूद पेड़ ने बचाई तीनों की जान।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। सड़क पर सामने से आ रहे ट्रक की तेज रोशनी कार सवार तीन भाइयों के लिए जानलेवा साबित होते-होते रह गई। ट्रक की लाइट सीधे आंखों पर पड़ते ही कार चालक का संतुलन बिगड़ा और कार सड़क किनारे खेत में बने खुले कुएं में जा समाई। कार में सवार तीनों भाई पानी में डूबने लगे, लेकिन किस्मत अच्छी थी कि कुएं के भीतर एक पेड़ मौजूद था। तीनों ने उसी का सहारा लिया और तैरकर किसी तरह बाहर निकल आए। हादसा ईंटखेड़ी थाना क्षेत्र के निपानिया जाट-कनेरा रोड पर हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घर में आग लगने की खबर मिली तो पहुंचे थे तीनों भाई
जानकारी के मुताबिक, करोंद खुर्द निवासी ज्ञान सिंह और प्रेम सिंह लोधी अपने एक अन्य भाई के साथ कारोबार से जुड़े हैं। शुक्रवार रात करीब 10 बजे उन्हें सूचना मिली कि उनके घर में पटाखे से आग लग गई है। आग की चपेट में घर का फर्नीचर आ गया था। सूचना मिलते ही तीनों भाई भोपाल से अपने घर पहुंचे थे।
ट्रक की लाइट से बिगड़ा संतुलन
आग बुझाने के बाद तीनों भाई रात करीब डेढ़ बजे कार से वापस लौट रहे थे। निपानिया से कनेरा रोड की ओर मुड़ते समय सामने से आ रहे ट्रक की तेज रोशनी चालक की आंखों पर पड़ी। अचानक आंखें चौंधियाने से कार चालक नियंत्रण खो बैठा। कार सड़क से उतरकर महज पांच फीट दूर खेत में बने पुराने कुएं में जा गिरी।
कुएं की मुंडेर नहीं बनी हुई थी, इसलिए कार को रोकने के लिए कोई अवरोध नहीं मिला और वह सीधे पानी में समा गई। देखते ही देखते तीनों भाई कार से बाहर निकलकर अपनी जान बचाने की कोशिश में जुट गए।
यह भी पढ़ें- MLA रेस्ट हाउस में 'गंदा काम'! विधायक पहुंचे तो कमरे से निकली महिला पुलिसकर्मी, पीछे से आया पुरुष जवान; होगी जांच
कुएं में पेड़ बना जीवनरक्षक
कुएं के भीतर लगे पेड़ को देखकर तीनों भाइयों ने उसका सहारा लिया। तैरना जानने के कारण वे पेड़ को पकड़ते हुए धीरे-धीरे बाहर निकलने में सफल रहे। इस तरह एक बड़ा हादसा टल गया और तीनों की जान बच गई। शनिवार दोपहर क्रेन की मदद से कुएं में गिरी कार को भी बाहर निकलवाया गया।
बताया जा रहा है कि यह पुराना कुआं भोपाल के पुराने शहर में रहने वाले जैन बंधुओं का है। ईंटखेड़ी पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।