विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भोपाल में बदमाशों के हौसले बुलंद: बाइक से ओवरटेक कर चलती बस को रोका, कंडक्टर के गले पर चाकू अड़ाकर लूटे रुपये

Published: Tue, 17 Nov 2026 04:23 PM (IST)

भोपाल में बदमाशों ने दिनदहाड़े चलती बस को रोककर कंडक्टर को चाकू की नोक पर लूटा, जिससे शहर की कानून-व्यवस्था ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।

-प्रतीकात्मक चित्र।

HighLights

  1. बाइक सवार बदमाशों ने चलती बस रोककर कंडक्टर को लूटा।

  2. चाकू की नोक पर एक हजार रुपये की लूट को अंजाम दिया।

  3. यासीन मजिस्ट्रेट और नसीम ब्रेकर गिरोह का आतंक सामने आया।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। प्रदेश की राजधानी भोपाल में कानून-व्यवस्था को खुलेआम चुनौती देते हुए बदमाशों ने अब दिनदहाड़े यात्रियों से भरी बसों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। ताजा मामला बागसेवनिया इलाके का है, जहां बाइक सवार बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में एक चलती यात्री बस को ओवरटेक कर रोका और अंदर घुसकर गले पर चाकू अड़ाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया।

घटना के वक्त बस में करीब 20 यात्री सवार थे। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने शहर में सार्वजनिक परिवहन की सुरक्षा और पुलिस की गश्त व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस घटना के बाद से न केवल बस चालक और कंडक्टर, बल्कि आम यात्री भी खौफ के साये में सफर करने को मजबूर हैं।

ओवरटेक कर रुकवाई बस

बागसेवनिया थाने के एसआई शिरोमणि सिंह ने बताया कि पीरिया मोहल्ला निवासी 28 वर्षीय रोहित लोधी भोपाल से मंडीदीप के बीच चलने वाली बस में कंडक्टर हैं। 13 नवंबर को वह मंडीदीप से यात्रियों को लेकर भोपाल आ रहे थे। बस में करीब 20 सवारियां मौजूद थीं। जैसे ही बस नारायण नगर बस स्टॉप के पास पहुंची, बाइक पर सवार होकर आए चार बदमाशों ने बस को ओवरटेक कर जबरन रुकवा लिया।

बस में घुसते ही कंडक्टर पर तान दिया चाकू

इससे पहले कि चालक या यात्री कुछ समझ पाते, बदमाश बस के भीतर घुस गए। आरोपितों ने कंडक्टर के गले पर चाकू अड़ा दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए करीब एक हजार रुपये लूटकर मौके से फरार हो गए।

अचानक हुए इस हमले से बस में सवार यात्रियों में दहशत फैल गई। पीड़ित ने बदमाशों का पीछा भी किया, लेकिन वे हाथ नहीं आए। घटना के तीन दिन बाद बागसेवनिया थाना पुलिस ने नसीम ब्रेकर और उसके साथियों पर एफआईआर दर्ज की है।

यह भी पढ़ें- विदिशा में मेडिकल छात्र के फ्लैट पर बीयर पिलाकर नाबालिग से दुष्कर्म, इंस्टाग्राम पर हुई थी आरोपी से दोस्ती; 48 घंटे बाद गिरफ्तार

यासीन मजिस्ट्रेट और नसीम ब्रेकर गिरोह का आतंक

इस पूरी वारदात के पीछे पुराने शहर के शातिर बदमाश यासीन मजिस्ट्रेट, नसीम ब्रेकर और उनके गिरोह का हाथ सामने आया है। यह गिरोह इन दिनों भोपाल-मंडीदीप रूट पर चलने वाले बस चालकों और कंडक्टरों से अवैध वसूली के लिए अड़ीबाजी कर रहा है। इस मामले में मंगलवारा थाने में भी एक अलग एफआईआर दर्ज की गई है।

मंगलवारा टीआई अजय सोनी के मुताबिक, बाग फरहत अफ्जा निवासी 36 वर्षीय बस चालक अनवर खान ने शिकायत दर्ज कराई है कि यासीन मजिस्ट्रेट, नसीम ब्रेकर, शानू और शादाब आए दिन उससे रुपयों की मांग कर गाली-गलौच करते हैं। रुपये न देने पर आरोपियों ने 10 नवंबर को भारत टाकीज चौराहे पर उसके साथ मारपीट की और लगातार फोन पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।

फायरिंग व हत्या के प्रयास जैसे मामले पहले से दर्ज

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, यासीन और नसीम शातिर अपराधी हैं, जिन पर पहले से ही फायरिंग, लूट और हत्या के प्रयास जैसे कई संगीन मामले दर्ज हैं। फिलहाल दोनों थानों की पुलिस आरोपितों की तलाश में दबिश दे रही है, लेकिन अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।