भोपाल में बुलडोजर एक्शन: ऐशबाग में 599 जनता क्वार्टर्स जमींदोज; विरोध की आशंका के बीच पुलिस ने कांग्रेस नेता को उठाया
भोपाल के ऐशबाग में प्रशासन ने सोमवार सुबह 599 जनता क्वार्टरों को तोड़ने का अभियान चलाया। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में जर्जर आवासों को जमींदोज किया गया, जबकि हाई कोर्ट ने ध्वस्तीकरण पर रोक लगाने से इनकार कर दिया था।

जनता क्वाटर्स को ध्वस्त किया गया। कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला को पुलिस ने हिरासत में लिया।
HighLights
ऐशबाग में 599 जनता क्वार्टरों को तोड़ने का अभियान।
हाई कोर्ट ने ध्वस्तीकरण पर रोक लगाने से किया था इंकार।
कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला को हिरासत में लिया गया।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। राजधानी के ऐशबाग इलाके में सोमवार सुबह प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 599 जनता क्वार्टरों को तोड़ने का अभियान शुरू कर दिया। नगर निगम और प्रशासन की टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में जेसीबी मशीनों से जर्जर आवासों को जमींदोज किया। करीब नौ घंटे तक चली इस कार्रवाई को लेकर इलाके में गहमागहमी बनी रही। विरोध की आशंका को देखते हुए पुलिस ने कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला को सुबह करीब आठ बजे उनके घर से हिरासत में लेकर अशोका गार्डन थाने पहुंचा दिया।
हाई कोर्ट ने नहीं लगाई ध्वस्तीकरण पर रोक
जनता क्वार्टरों को तोड़ने की प्रशासनिक कार्रवाई को चुनौती देते हुए मामला मध्य प्रदेश हाई कोर्ट पहुंचा था। रविवार को अवकाश के दिन हुई विशेष सुनवाई में अदालत ने व्यापक स्तर पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पर रोक लगाने से इनकार कर दिया।
हालांकि, याचिकाकर्ता मोहम्मद हफीज खान को आंशिक राहत मिली है। कोर्ट ने उनके कब्जे वाले क्वार्टर नंबर ईडब्ल्यूएस-465 को अगली सुनवाई तक तोड़ने पर अंतरिम रोक लगा दी है। मामले की अगली सुनवाई 25 नवंबर को होगी।
यह भी पढ़ें- भोपाली बटुओं ने दिल्ली में बढ़ाया मध्य प्रदेश का मान, अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में मिला पहला पुरस्कार
विरोध में महिलाओं ने किया था जहरीले पदार्थ का सेवन
जनता क्वार्टर खाली कराने और ध्वस्तीकरण के नोटिस जारी होने के बाद क्षेत्र में पहले भी विरोध प्रदर्शन हो चुके हैं। विरोध के दौरान कुछ महिलाओं ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। इस मामले में पुलिस ने प्रकरण भी दर्ज किए थे।
अब ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू होने के साथ ही प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल तैनात रहा।