बैतूल के बरेठा घाट में कार-ट्रक की भिड़ंत, महाराष्ट्र के वकील समेत दो की मौत; मां बगलामुखी के दर्शन करने जा रहे थे
बैतूल के बरेठा घाट पर भोपाल-नागपुर नेशनल हाईवे पर देर रात कार और कंटेनर ट्रक की भीषण टक्कर हो गई। ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।
HighLights
बैतूल के बरेठा घाट पर कार-ट्रक की जोरदार टक्कर।
महाराष्ट्र के चंद्रपुर निवासी दो लोगों की दुखद मौत।
मां बगलामुखी मंदिर दर्शन को जा रहे थे कार सवार।
डिजिटल डेस्क, बैतूल। प्रदेश के बैतूल जिले में भोपाल-नागपुर नेशनल हाईवे पर गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में महाराष्ट्र के दो लोगों की जान चली गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। बरेठा घाट के पास तेज रफ्तार कार सामने से आ रहे कंटेनर ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार सवार चारों लोग हादसे का शिकार हो गए।
मां बगलामुखी के दर्शन के लिए जा रहे थे
शाहपुर थाना प्रभारी नीरज पाल के मुताबिक, हादसा रात करीब 1:30 बजे जिला मुख्यालय से लगभग 30 किलोमीटर दूर बरेठा घाट के पास हुआ। कार में सवार चारों लोग महाराष्ट्र के चंद्रपुर के निवासी थे। वे आगर मालवा जिले के नलखेड़ा स्थित मां बगलामुखी मंदिर में दर्शन करने जा रहे थे।
इसी दौरान उनकी कार की सामने से आ रहे कंटेनर ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में राजू हेपट (50) और राहुल कनाके (25) की मौत हो गई। राजू पेशे से वकील थे।
घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद मिली छुट्टी
हादसे में कार सवार सूरज धोके (27) और निखिल पावड़े (30) भी घायल हुए। दोनों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों चंद्रपुर लौट गए।
कंटेनर जब्त, पुलिस कर रही जांच
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल कंटेनर ट्रक को जब्त कर लिया है। फिलहाल टक्कर किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है।