विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बैतूल में सेवानिवृत्त कोलकर्मियों से ठगी करने वाले को 120 साल का कठोर कारावास, एक करोड़ से अधिक का अर्थदंड भी लगाया

Published: Fri, 27 Nov 2026 09:20 PM (GMT+05:30)

बैतूल के सारनी में सेवानिवृत्त कोल कर्मचारियों से 1.13 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने वाले चंद्रकिशोर देशमुख को विशेष न्यायालय ने 120 साल की कठोर कारावास की सजा सुनाई है। न्यायालय ने ठगी की पूरी राशि का अर्थदंड भी लगाया है, जो पीड़ितों को प्रतिकर के रूप में दिया जाएगा।

-प्रतीकात्मक चित्र।

-प्रतीकात्मक चित्र।

HighLights

  1. ठग चंद्रकिशोर देशमुख को 120 साल की सजा सुनाई गई।

  2. 11 सेवानिवृत्त कोल कर्मचारियों से की थी धोखाधड़ी।

  3. एक करोड़ 13 लाख रुपये का अर्थदंड भी लगाया गया।

डिजिटल डेस्क, बैतूल। जिले के सारनी में स्थित कोल माइंस के 11 सेवानिवृत्त कर्मचारियों की जीवनभर की जमा पूंजी हड़पने वाले ठग को बैतूल के विशेष न्यायालय (अनुसूचित जाति एवं जनजाति अधिनियम) ने रईस खान की अदालत ने कुल 120 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई है।

10 मामलों में 50 साल और 70 साल की सजा

दोषी चंद्रकिशोर देशमुख को आईपीसी की धारा 420 (धोखाधड़ी) में पांच-पांच वर्ष की 10 सजाएं यानी कुल 50 वर्ष और आईपीसी की धारा 409 (आपराधिक विश्वासघात) में सात-सात वर्ष के कठोर कारावास की 10 सजाएं यानी कुल 70 वर्ष की सजा सुनाई है। सहायक जिला अभियोजन अधिकारी अजीत सिंह ने बताया कि दोषी की सभी सजाएं क्रमशः यानी एक के बाद एक चलेंगी, जिससे कुल अवधि 120 वर्ष होगी।

दोषी चंद्रकिशोर ने कुल एक करोड़ 13 लाख 60 हजार रुपये की ठगी की थी। ठगी की सारी धनराशि का अर्थदंड भी न्यायालय ने उस पर लगाया है। अर्थदंड की राशि पीड़ितों को प्रतिकर के रूप में दी जाएगी।

खुद को बैंक अफसर बताकर बुजुर्गों को फंसाया

शासन की ओर से पैरवी कर रहे विशेष लोक अभियोजक शशिकांत नागले के अनुसार, सारनी के मठारदेव कालोनी निवासी चंद्रकिशोर देशमुख स्वयं को बैंक का फील्ड अफसर बताकर कोल माइंस के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को अधिक ब्याज और रकम दोगुनी करने का लालच देता था। इसी झांसे में उसने कई कर्मचारियों से लाखों रुपये हड़प लिए। इसके बाद वह रकम लौटाने से मुकर गया।

23 लाख मिले, 15 लाख ठग को सौंप दिए

कानूनी कार्रवाई की शुरुआत 19 अप्रैल 2018 को सेवानिवृत्त कर्मचारी लवटनराम की शिकायत से हुई थी। उन्होंने शिकायत दर्ज कराई थी कि सेवानिवृत्ति के बाद डब्ल्यूसीएल से मिली 23 लाख रुपये की राशि में से 15 लाख रुपये उन्होंने चंद्रकिशोर को अधिक ब्याज के भरोसे दिए थे।

यह भी पढ़ें- MP में इंदौर, शिवपुरी-ग्वालियर बने फर्जी सिम के हॉटस्पॉट, यूपी व राजस्थान पहुंचाना आसान

चेक, बैंक दस्तावेज और पर्चियों से जुटाए सबूत

विवेचना में आसाराम, वच्छला बाई, मनोज, कुमोद मुखर्जी, रामदुलारी बाई, अरविंद कुमार कुशवाहा सहित 11 सेवानिवृत्त कर्मचारियों से कुल एक करोड़ 13 लाख 50 हजार रुपये धोखाधड़ी से लेने का खुलासा हुआ। पुलिस ने अलग-अलग अपराध दर्ज करने के बाद विवेचना के दौरान चेक, बैंक दस्तावेज और पर्चियां जब्त कर साक्ष्य जुटाने के बाद न्यायालय में आरोप पत्र प्रस्तुत किया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।