शराब छुड़ाने की जड़ी-बूटी के नाम पर पिलाया जहरीला काढ़ा! बैतूल में दो युवकों की मौत, पांच गंभीर
बैतूल में शराब छुड़ाने के नाम पर एक ढोंगी बाबा द्वारा पिलाया गया जड़ी-बूटियों का काढ़ा सात युवकों के लिए ...और पढ़ें

चिचोली के अस्पताल में पीड़ितों को भर्ती कर उपचार किया जा रहा है।
HighLights
बैतूल में जहरीला काढ़ा पीने से दो युवकों की मौत।
शराब छुड़ाने के नाम पर ढोंगी बाबा ने पिलाया काढ़ा।
पांच युवक गंभीर, तीन आरोपियों पर केस दर्ज।
डिजिटल डेस्क, बैतूल। प्रदेश के बैतूल जिले में शराब की लत छुड़ाने के नाम पर पिलाया गया जड़ी-बूटियों का काढ़ा सात युवकों के लिए जानलेवा साबित हुआ। चिचोली थाना क्षेत्र के राजा बैठक ढाना गांव में एक ढोंगी बाबा द्वारा काढ़ा पिलाए जाने के कुछ ही देर बाद युवकों की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें उल्टियां होने लगीं और कुछ बेहोश हो गए। सभी को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दो युवकों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य की हालत गंभीर हो गई।
घटना बुधवार को ग्राम पंचायत पाठाखेड़ा के राजा बैठक ढाना में हुई। यहां पिछले करीब दो साल से एक ओझा परते नाम का शख्स शराब की लत छुड़ाने के नाम पर लोगों को जड़ी-बूटियों से बना काढ़ा पिलाता था। बुधवार को भी आठनेर, चिचोली, सारनी सहित अलग-अलग इलाकों से लोग शराब छोड़ने के उपचार के लिए पहुंचे थे। कथित बाबा और उसके सहयोगी ने उन्हें काढ़ा पिलाया, लेकिन कुछ समय बाद सात लोगों की हालत बिगड़ने लगी।
अस्पताल पहुंचने से पहले दो की मौत
काढ़ा पीने के बाद उल्टियां और बेहोशी की शिकायत होने पर सभी सात युवकों को चिचोली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद आठनेर थाना क्षेत्र के देहगुड़ गांव निवासी रामकिशोर पिता सेवाराम झोड़ (35) और मलाजपुर के इमली ढाना निवासी संजय पिता बब्बू उईके (22) को मृत घोषित कर दिया।
काढ़ा पीने से प्रभावित अन्य पांच युवकों का अस्पताल में उपचार किया गया। इनमें मोहन पिता दशरथ अमरुते (30), सहदेव पिता मंगल इवने (22), राकेश पिता जग्गू उईके (17), विजय पिता बब्बू उईके (26) और रामदास पिता वासुदेव अहाके (26) शामिल हैं। सहदेव और रामदास की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया।
काढ़े में जहरीले पदार्थ की आशंका
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव शर्मा के मुताबिक, काढ़े में किसी जहरीले पदार्थ के मिले होने की आशंका है। स्वास्थ्य विभाग की टीम को अलर्ट कर आसपास के गांवों में भी ऐसे लोगों की तलाश की जा रही है, जिन्होंने कथित बाबा से काढ़ा पिया हो, ताकि उनकी स्वास्थ्य जांच कर समय रहते उपचार दिया जा सके।
पुलिस ने घटनास्थल से काढ़ा तैयार करने में इस्तेमाल की गई सामग्री और अन्य सामान जब्त किया है। इनमें पेड़ की जड़ का चूरा और लाल रंग का तरल भी शामिल है। इनकी जांच के बाद काढ़े में मौजूद पदार्थों और मौतों के कारणों का पता चल सकेगा।
यह भी पढ़ें- भोपाल में बदमाशों के हौसले बुलंद: बाइक से ओवरटेक कर चलती बस को रोका, कंडक्टर के गले पर चाकू अड़ाकर लूटे रुपये
तीन आरोपियों के खिलाफ केस
पुलिस अधीक्षक अमित सक्सेना के अनुसार, मामले में ओझा परते, उसके सहयोगी शरद कवड़े और रमेश उइके के खिलाफ चिचोली थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105, 286 और 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। घटनास्थल से काढ़ा बनाने की सामग्री जब्त कर ली गई है। तीनों आरोपितों की तलाश की जा रही है।
पुलिस अब काढ़े में इस्तेमाल जड़ी-बूटियों और अन्य पदार्थों की जांच के साथ यह भी पता लगा रही है कि कहीं इस कथित उपचार से पहले भी लोगों की तबीयत तो नहीं बिगड़ी थी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।