मध्य प्रदेश में बैंक कर्मचारी ने चुराया 18 लाख का सोना, एलईडी लाइटों में छिपाया
विदिशा में एक बैंक कर्मचारी ने मणप्पुरम फाइनेंस से 18 लाख रुपये से अधिक का सोना चुराकर अपने घर की छत में लगी एलईडी लाइटों के अंदर छिपा दिया था।

तस्वीर का इस्तेमाल प्रस्तुतिकरण के लिए किया गया है।
डिजिटल डेस्क, विदिशा। ग्राहक बैंक को सुरक्षित समझकर सोना गिरवी रखते हैं, लेकिन मध्य प्रदेश के विदिशा में एक कर्मचारी ने बैंक के भरोसे पर सेंध लगाते हुए 18 लाख रुपये से अधिक कीमत की ज्वेलरी चुराकर घर की छत में लगी एलईडी लाइटों के अंदर छिपा दी। पुलिस ने आरोपित कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया है।
विदिशा निवासी सचेंद्र रघुवंशी ने पिछले साल मणप्पुरम फाइनेंस लिमिटेड में करीब 18 लाख रुपये का सोना गिरवी रखकर 15 लाख रुपये का कर्ज लिया था। दीपावली से पहले पांच नवंबर को वह कर्ज चुकाने और सोना वापस लेने बैंक पहुंचे। बैंक प्रबंधक शुभम तिवारी ने सोना लाकर से निकलवाकर चेंबर की दराज में रखवाया।
अचानक से गायब हुई ज्वेलरी
इस दौरान पता चला कि कर्ज की कुछ राशि जमा होना बाकी है। ग्राहक अगले दिन आने की बात कहकर चला गया। इस बीच ज्वेलरी गायब हो गई। पुलिस ने बैंक के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो बैंक कर्मचारी राजेश साहू की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। टीआई राजपाल सिंह जादौन के अनुसार, उसने पहले तो इन्कार किया, लेकिन सख्ती से पूछताछ पर अपराध स्वीकार लिया। पुलिस ने एलईडी लाइटों के अंदर छिपाई गई ज्वेलरी भी बरामद कर ली है।