बाघों के ठिकानों पर गूंज रही शहनाई, बांधवगढ़ में बढ़ा डेस्टिनेशन वेडिंग का क्रेज; नवंबर में 12 शादियां बुक
बांधवगढ़ अब बाघों के दीदार के साथ-साथ डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए भी लोकप्रिय हो रहा है। यहां के रिसॉर्ट्स में ...और पढ़ें

बांधवगढ़ के एक रिसॉर्ट में शादी समारोह के दौरान प्रस्तुति देता लोक नर्तक दल।
HighLights
बांधवगढ़ में डेस्टिनेशन वेडिंग का चलन तेजी से बढ़ रहा है।
नवंबर में 12 शादियां बुक, पिछले साल हुईं 50 शादियां।
वन्यजीवों की सुरक्षा हेतु शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश।
डिजिटल डेस्क, उमरिया। बांधवगढ़ का जंगल अब सिर्फ बाघों के दीदार और रोमांचक टाइगर सफारी के लिए ही नहीं, बल्कि सात फेरों का गवाह बनने के लिए भी लोगों को आकर्षित कर रहा है। शहरों की भीड़भाड़, शोरगुल और पारंपरिक विवाह आयोजनों से हटकर अब लोग बाघों के साम्राज्य से लगे खूबसूरत रिसॉर्ट में डेस्टिनेशन वेडिंग को प्राथमिकता दे रहे हैं।
प्राकृतिक सौंदर्य, जंगल के शांत वातावरण और खास मेहमानों के बीच विवाह समारोह आयोजित करने का चलन तेजी से बढ़ रहा है। बांधवगढ़ से लगे राजस्व क्षेत्र के जंगल में करीब 50 छोटे-बड़े रिसार्ट हैं, जहां शादियां हो रही हैं। देवउठनी एकादशी से विवाह मुहूर्त शुरू होने के साथ ही नवंबर महीने में रिसार्ट में 12 शादियों की बुकिंग हो चुकी है। पिछले साल करीब 50 शादियां हुई थीं।
सीमित मेहमान, खास अंदाज
डेस्टिनेशन वेडिंग की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें अनावश्यक भीड़ और दिखावे के बजाय परिवार के करीबी सदस्यों और चुनिंदा मेहमानों को ही आमंत्रित किया जाता है। रिसार्ट में ठहरने, भोजन, सजावट और विवाह की विभिन्न रस्मों की व्यवस्था एक ही परिसर में हो जाती है। बड़े शहरों में होने वाले भव्य आयोजनों की तुलना में समारोह कम खर्च और बिना तामझाम के हो जाता है।
प्राकृतिक वातावरण में विवाह की यादों को खास बनाने की चाह रखने वाले परिवारों को यह विकल्प पसंद आ रहा है। इस बढ़ते चलन से बांधवगढ़ के पर्यटन व्यवसाय को नया अवसर मिल रहा है। रिसार्ट में कमरों की बुकिंग के साथ खानपान, सजावट, स्थानीय परिवहन और अन्य व्यवस्थाओं से जुड़े लोगों को भी काम मिल रहा है।
जंगल की शांति और वन्यजीवों की सुरक्षा भी जरूरी
जंगल से लगे ये रिसॉर्ट राजस्व क्षेत्र में आते हैं, इसलिए इन्हें आयोजन की अनुमति नहीं लेनी होती। हालांकि वैवाहिक आयोजनों में संगीत, डीजे, रोशनी और मेहमानों की आवाजाही से वन क्षेत्र के शांत वातावरण में कोलाहल बढ़ने की आशंका रहती है।
यह भी पढ़ें- चीतों की सुरक्षा के लिए बदलेगा निगरानी का तरीका, अब गांवों के युवा भी बनेंगे तकनीकी चीता ट्रैकर; वनकर्मी रहेंगे तैनात
ऐसे में जरूरी है कि ध्वनि प्रदूषण, तेज रोशनी और अन्य गतिविधियों पर नियंत्रण रखा जाए। वन्यजीवों के प्राकृतिक रहवास और उनकी दिनचर्या प्रभावित न हो। बता दें कि बाघ समेत अन्य वन्यजीव इन स्थानों पर दिखाई देते रहे हैं।
यह बोले जिम्मेदार
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के फील्ड डायरेक्टर डॉ. अनुपम सहाय ने कहा कि रिसॉर्ट संचालकों को सामूहिक निर्देश जारी किए जाते हैं कि वे जंगल से लगे क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखें। वहीं मानपुर एसडीएम हरनीत कौर कलसी ने कहा कि राजस्व क्षेत्र में संचालित रिसॉर्ट में ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ समय-समय पर नोटिस जारी किए जाते हैं। उन्हें चेताया जाता है कि नियमों का उल्लंघन न करें।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।