बालाघाट में 10 लाख की सुपारी देकर बहन के प्रेमी की कराई हत्या, पिता भी साजिश में शामिल; 5 गिरफ्तार
बालाघाट में प्रेम संबंध से नाराज होकर एक युवक की हत्या की गई। प्रेमिका के भाई और पिता ने 10 लाख की सुपारी देकर रियांश चौहान की हत्या की साजिश रची, जिसमें पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

HighLights
तीन महीने पहले बनाई थी युवक की हत्या की योजना।
युवती के भाई ने दोस्तों को दिया दस लाख का लालच।
आरोपितों में एसएसयू जवान भी, बर्खास्तगी की प्रक्रिया शुरू।
डिजिटल डेस्क, बालाघाट। प्रेम संबंध से नाराजगी ने एक युवक की हत्या की साजिश को जन्म दिया। बालाघाट के हट्टा थाना क्षेत्र में 20 वर्षीय रियांश चौहान की हत्या के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। रियांश की प्रेमिका के भाई आशुतोष पटले और उसके पिता जीवन पटले ने मिलकर हत्या की योजना बनाई थी। आरोप है कि आशुतोष ने गांव के चार युवकों को 10 लाख रुपये की सुपारी देकर रियांश को रास्ते से हटाने की साजिश रची। पुलिस ने पिता-पुत्र समेत पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपित अभी फरार है।
रविवार को पुलिस कंट्रोल रूम में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एसपी मलय जैन ने बताया कि रियांश की हत्या 16-17 नवंबर की रात की गई थी। पुलिस ने जांच के दौरान हत्या की साजिश, वारदात और उसे दुर्घटना का रूप देने की कोशिश का पर्दाफाश किया है।
दो-तीन साल से प्रेम संबंध
पुलिस के मुताबिक, ग्राम नाहरवानी निवासी रियांश और जीवन पटले की बेटी के बीच पिछले दो-तीन साल से प्रेम संबंध थे। इस रिश्ते से युवती का पिता जीवन और भाई आशुतोष नाराज थे। आशुतोष और रियांश एक ही कॉलेज में पढ़ते थे। प्रेम संबंध को लेकर दोनों के बीच पहले भी कई बार विवाद और मारपीट हो चुकी थी। इसी रंजिश में पिता-पुत्र ने रियांश की हत्या करने का फैसला किया और करीब तीन महीने पहले इसकी योजना बना ली।

सुनसान जगह ले जाकर किया हमला
16 नवंबर की रात ग्राम परसपानी में मड़ई आयोजित थी, जहां रियांश अपनी स्कूटी से पहुंचा था। साजिश में शामिल चार युवक भी चौपहिया वाहन से वहां पहुंचे। उन्होंने पहले रियांश से बातचीत कर उसका भरोसा जीता और फिर प्रेमिका से जुड़ी बात करने के बहाने उसे सुनसान स्थान पर ले गए।
आरोप है कि वहां युवकों ने लोहे के एंगल से रियांश के सिर और माथे पर वार किए। गंभीर चोट लगने से वह बेसुध हो गया। हमलावरों ने दोबारा वार किया, जिससे उसकी मौत हो गई।
स्कूटी तोड़कर हादसे का रूप देने की कोशिश
हत्या के बाद आरोपितों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए वारदात को सड़क दुर्घटना दिखाने की योजना बनाई। शव को घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर बांधा तालाब के पास सड़क किनारे ले जाकर रखा गया। उसकी स्कूटी को पास के छोटे पिलर से टिकाकर क्षतिग्रस्त कर दिया, ताकि प्रथमदृष्टया मामला दुर्घटना का लगे। हालांकि पुलिस की जांच में आरोपितों की यह साजिश उजागर हो गई।
तीन महीने पहले रची थी हत्या की साजिश
एसपी मलय जैन के अनुसार, पिता-पुत्र ने करीब तीन महीने पहले ही हत्या की योजना तैयार कर ली थी। इसके लिए परसपानी के युवकों को शामिल किया गया। आरोपितों को शराब पिलाने और अन्य खर्चों के जरिए अपने साथ जोड़ा गया। आशुतोष ने हत्या के बदले 10 लाख रुपये देने का लालच दिया था, लेकिन वारदात के बाद उन्हें रकम नहीं मिली। पुलिस फरार आरोपित की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
गिरफ्तार आरोपितों में एसएसयू का जवान भी शामिल
पुलिस ने इस मामले में यश पारधी (20), यश पटले (20), विकास उर्फ बग्गा चौधरी (27), आशुतोष पटले (20) और जीवन पटले (46) को गिरफ्तार किया है। इनमें यश पारधी, यश पटले और विकास परसपानी के निवासी हैं, जबकि आशुतोष और जीवन नाहरवानी के रहने वाले हैं।
गिरफ्तार आरोपित यश पटले बालाघाट में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत गठित विशेष सहयोग दस्ते (एसएसयू) का जवान है। पुलिस ने जघन्य हत्याकांड में उसकी संलिप्तता सामने आने के बाद उसे बर्खास्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, विकास उर्फ बग्गा चौधरी पूर्व में हत्या के प्रयास से संबंधित धारा 307 के मामले में दो बार जेल जा चुका है।
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपित की गिरफ्तारी के बाद मामले में अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आ सकती हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।