विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बेटे की चाह थी, बेटी हुई तो मां ने ही घोंट दिया गला; अशोकनगर जिला अस्पताल में नवजात की हत्या का खुलासा

Published: Tue, 06 Oct 2026 06:38 PM (IST)

अशोकनगर जिला अस्पताल में नवजात बच्ची की मौत का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। जांच में सामने आया ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।

-प्रतीकात्मक चित्र।

HighLights

  1. अशोकनगर में मां ने नवजात बेटी का गला घोंटा।

  2. बेटे की चाह में किया गया यह जघन्य अपराध।

  3. पुलिस ने महिला को पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया।

डिजिटल डेस्क, अशोकनगर। अशोकनगर जिला अस्पताल में एक दिन की नवजात बच्ची की मौत के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। कोतवाली पुलिस की जांच में सामने आया कि बच्ची की हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उसकी मां ने ही की थी। पुलिस के मुताबिक, प्रसव के बाद जब मां और बच्ची कुछ समय के लिए अकेले थे, उसी दौरान महिला ने अंगूठे और उंगली से बच्ची का गला दबा दिया।

इसके बाद बच्ची की नाक से खून निकलने पर महिला ने परिजनों को बताया कि अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई है। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज, पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा परिजनों से पूछताछ के आधार पर घटना की कड़ियां जोड़नी शुरू कीं।

पोस्टमार्टम में गला दबाने से मौत की पुष्टि

एसपी राजीव कुमार मिश्रा ने मंगलवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी थी। अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और बच्ची की मां भावना विश्वकर्मा, उसकी सास राजन बाई, पति सहित अन्य रिश्तेदारों से पूछताछ की गई।

नवजात का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें डॉक्टर ने गला दबाने के कारण मौत होने की पुष्टि की। इसके बाद पुलिस का संदेह बच्ची की मां की ओर गया।

तबीयत ठीक होने के बाद महिला से पूछताछ

एसपी के अनुसार, घटना के बाद महिला की तबीयत खराब थी। इसलिए पुलिस ने तत्काल सख्ती से पूछताछ करने के बजाय महिला पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में उससे संवेदनशील तरीके से बातचीत की। जब उसकी स्थिति पूछताछ के लिए बेहतर हुई तो उससे विस्तार से सवाल किए गए।

करीब चार-पांच घंटे की पूछताछ के बाद महिला ने बच्ची का गला दबाने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान महिला रो रही थी और घटना को लेकर अफसोस भी जता रही थी।

बच्ची के जन्म के बाद मां-बेटी थीं अकेली

पुलिस के अनुसार, प्रसव के बाद नर्स और डॉक्टर ने नवजात को मां के पास सुलाया था। कुछ समय बाद मां और बच्ची अकेले थे। इसी दौरान महिला ने कथित तौर पर बच्ची का गला दबा दिया।

बाद में बच्ची की नाक से खून निकलने पर उसने परिजनों को बताया कि बच्ची की अचानक तबीयत खराब हो गई है। पोस्टमार्टम और अन्य साक्ष्यों से मौत का कारण सामने आने के बाद पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर महिला को गिरफ्तार कर लिया।

सीसीटीवी में नहीं दिखा कोई बाहरी व्यक्ति

जांच के दौरान पुलिस ने अस्पताल के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को बारीकी से खंगाला। पुलिस के मुताबिक, जिस समय बच्ची अपनी मां के पास थी, उस दौरान कोई बाहरी व्यक्ति अंदर आता-जाता दिखाई नहीं दिया। अब तक की जांच में भी हत्या में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका या मदद के साक्ष्य नहीं मिले हैं।

यह भी पढ़ें- अशोकनगर जिला अस्पताल में नवजात बच्ची की संदिग्ध मौत से सनसनी, मुंह से निकल रहा था खून; गले पर मिले निशान

परिवार में बेटे की चाह का भी एंगल जांच में शामिल

एसपी ने बताया कि जांच में यह बात भी सामने आई है कि परिवार को इस बार बेटे की उम्मीद थी। परिवार में पहले से एक बच्ची होने के कारण नवजात के जन्म को लेकर नकारात्मक मानसिकता का पहलू सामने आया है।

पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि प्रसव से पहले या बाद में महिला पर परिवार की ओर से किसी तरह का दबाव, ताना या मानसिक प्रताड़ना तो नहीं थी। महिला की शारीरिक और मानसिक स्थिति तथा घटना से पहले परिवार का माहौल भी विवेचना का हिस्सा बनाया गया है।

फिलहाल पुलिस को बच्ची की हत्या में किसी अन्य व्यक्ति के सीधे तौर पर शामिल होने के प्रमाण नहीं मिले हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।