अमरकंटक के नर्मदा मंदिर में हाथी की प्रतिमा के बीच फंसा श्रद्धालु, परिसर में मची हलचल; Video वायरल
अमरकंटक के नर्मदा उद्गम मंदिर में एक श्रद्धालु हाथी की प्रतिमा के पैरों के बीच बने संकरे रास्ते से निकलने की धार्मिक मान्यता निभाते हुए फंस गया। उसे तीन फीट ऊंची प्रतिमा के एक फीट चौड़े गैप से निकलने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। घटना का वीडियो भी सामने आया है।

हाथी की प्रतिमा के नीचे फंसा श्रद्धालु। (वीडियो ग्रैब)
HighLights
अमरकंटक नर्मदा मंदिर में श्रद्धालु हाथी प्रतिमा के बीच फंसा।
धार्मिक मान्यता के तहत संकरे रास्ते से निकलने का प्रयास।
व्यक्ति को निकलने में हुई परेशानी, घटना का वीडियो वायरल।
डिजिटल डेस्क, अनूपपुर। मां नर्मदा की उद्गम नगरी अमरकंटक में एक धार्मिक मान्यता निभाने के दौरान श्रद्धालु के हाथी की प्रतिमा के बीच फंसने का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है। नर्मदा उद्गम मंदिर परिसर में स्थापित पत्थर की हाथी प्रतिमा के पैरों के बीच बने बेहद संकरे रास्ते से निकलने की कोशिश में एक व्यक्ति बीच में ही फंस गया। काफी देर तक मशक्कत करने के बाद वह किसी तरह बाहर निकल सका।
यह है मान्यता
अमरकंटक के मां नर्मदा उद्गम मंदिर परिसर में काले पत्थर से बनी हाथी और घोड़े की प्रतिमाएं स्थापित हैं। हाथी की प्रतिमा मंदिर की ओर बनी है। श्रद्धालु नर्मदा उद्गम कुंड के दर्शन के बाद मंदिर की तरफ बढ़ते हैं तो कुछ लोग इस प्रतिमा के नीचे से निकलने की भी कोशिश करते हैं।
स्थानीय धार्मिक मान्यता है कि जो व्यक्ति हाथी के पैरों के बीच बनी संकरी जगह से बिना किसी परेशानी के निकल जाता है, उसकी मनोकामना पूरी होती है। कुछ श्रद्धालु इसे अपने अच्छे-बुरे कर्मों की परीक्षा से जोड़कर भी देखते हैं। इसी आस्था के चलते बड़ी संख्या में लोग इस रास्ते से निकलने का प्रयास करते हैं।
अमरकंटक के नर्मदा मंदिर में हाथी की मूर्ति के नीचे से निकलते वक्त एक श्रद्धालु बीच में ही अटक गया। उसे बाहर निकलने में खासी मशक्कत करनी पड़ी। #Mpnews #MPViralVideo #viralvideo https://t.co/3KGwEoEmAP
— Ravindra Soni (@sonirkumar2301) November 23, 2026
काफी देर तक नहीं निकल पाया
वायरल वीडियो में एक श्रद्धालु पेट के बल लेटकर हाथी के पैरों के बीच से निकलने की कोशिश करता नजर आ रहा है। संकरी जगह में उसका शरीर फंस जाने के कारण वह न आगे बढ़ पा रहा था और न ही पीछे लौट पा रहा था। काफी देर तक वह बाहर निकलने के लिए संघर्ष करता रहा। मौके पर मौजूद पुजारी भी उसे आगे बढ़ने के लिए कहते सुनाई दिए।
इसी दौरान एक महिला ने उसके पास से पर्स निकाल लिया, जिसके बाद वह धीरे-धीरे खिसकते हुए आखिरकार बाहर निकल आया। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान मंदिर परिसर में कई श्रद्धालु मौजूद थे।
तीन फीट की प्रतिमा, पैरों के बीच सिर्फ एक फीट जगह
बताया गया है कि हाथी की पत्थर की प्रतिमा की ऊंचाई और लंबाई करीब तीन फीट है, जबकि उसके पैरों के बीच निकलने के लिए बनी जगह की चौड़ाई महज एक फीट है। इसी बेहद संकरे रास्ते से श्रद्धालु आस्था के साथ निकलते हैं और इसके बाद मां नर्मदा को साष्टांग दंडवत प्रणाम करते हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।