विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भोपाल MANIT में भोजन के बाद 40 छात्र बीमार, अस्पताल में भर्ती; जांच में खुलीं मेस की बड़ी खामियां

Published: Sun, 11 Oct 2026 12:16 AM (GMT+05:30)

भोपाल के मैनिट में मेस का खाना खाने के बाद 40 छात्र बीमार पड़ गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया ...और पढ़ें

-मैनिट संस्थान (फाइल फोटो)

-मैनिट संस्थान (फाइल फोटो)

HighLights

  1. मैनिट में मेस का खाना खाकर 40 छात्र बीमार।

  2. जांच में मेस बिना लाइसेंस के संचालित पाई गई।

  3. खाद्य सुरक्षा विभाग ने मेस की सामग्री के नमूने लिए।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। राजधानी के मौलाना आजाद नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (मैनिट) में हॉस्टल की मेस के भोजन की गुणवत्ता पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। शुक्रवार रात हॉस्टल नंबर-10 के सीडी ब्लॉक में खाना खाने के बाद करीब 40 विद्यार्थियों की तबीयत बिगड़ गई। विद्यार्थियों को उल्टी-दस्त की शिकायत के साथ फूड पॉइजनिंग जैसे लक्षण सामने आए। सभी को उपचार के लिए शारदा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना के बाद शनिवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने संबंधित मेस का निरीक्षण किया। जांच के दौरान भोजन बनाने की व्यवस्था, खाद्य पदार्थों के भंडारण और स्वच्छता से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए सात नमूने प्रयोगशाला भेजे गए हैं। इनमें उड़द दाल, मूंगफली दाना और मोटी सेवई के तीन विधिक नमूने शामिल हैं। वहीं, चना दाल, छोला, चावल और अरहर दाल के चार सर्विलांस नमूने भी जांच के लिए लिए गए हैं।

बिना लाइसेंस चल रही थी मेस, कई खामियां मिलीं

खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच में मेस संचालन से जुड़ी गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। निरीक्षण के दौरान पता चला कि मेस बिना खाद्य कारोबार लाइसेंस के संचालित की जा रही थी। इसके अलावा कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र, पेस्ट कंट्रोल कार्यक्रम और खाद्य सुरक्षा प्रशिक्षण से संबंधित अभिलेख भी उपलब्ध नहीं कराए गए।

इन खामियों के सामने आने के बाद अब खाद्य पदार्थों के नमूनों की प्रयोगशाला रिपोर्ट और विभाग की आगे की कार्रवाई पर नजर है।

तीन महीने पहले भी बीमार हुए थे विद्यार्थी

मैनिट में विद्यार्थियों के मेस का भोजन करने के बाद बीमार पड़ने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले 17 जुलाई 2026 को हॉस्टल नंबर-9 और 11 की मेस में खाना खाने के बाद कई विद्यार्थियों की तबीयत बिगड़ गई थी। उस समय भी खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने निरीक्षण किया था और जांच के लिए नमूने लिए थे।

हालांकि, पिछली घटना के बाद नमूनों की रिपोर्ट आने पर कार्रवाई किए जाने की बात कही गई थी, लेकिन उपलब्ध जानकारी के अनुसार अब तक न तो जांच रिपोर्ट सामने आई है और न ही किसी कार्रवाई की पुष्टि हुई है।

अप्रैल 2025 में भी बीमार पड़े थे 15 छात्र

मैनिट की मेस में भोजन की गुणवत्ता को लेकर पहले भी शिकायतें सामने आती रही हैं। 13 अप्रैल 2025 को हॉस्टल नंबर-4 की मेस का खाना खाने के बाद करीब 15 विद्यार्थी बीमार हो गए थे। उस मामले में भी जांच के दौरान अनियमितताएं पाई गई थीं।

लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने संस्थान की मेस व्यवस्था, खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन और निगरानी प्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि ताजा मामले में नमूनों की रिपोर्ट आने के बाद जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई की जाती है।

यह भी पढ़ें- भोपाल में नेपाली युवक व नाबालिग प्रेमिका ने जहर खाया, फिर एक ही कुंदे पर लगाई फांसी; मरने से पहले निभाईं शादी की रस्में

कन्या छात्रावास के भोजन में निकली इल्लियां

इधर, पंचशील नगर स्थित अनुसूचित जाति कन्या कालेज के हास्टल में भोजन की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हुए हैं। छात्राओं ने दाल-चावल में इल्लियां निकलने, पानी वाली सब्जी परोसने और रसोई में गंदगी होने की शिकायत की है। वार्डन नहीं होने से व्यवस्थाएं भी प्रभावित हो रही हैं।

इन समस्याओं को लेकर अजाक्स युवा छात्रसंघ के अध्यक्ष लक्ष्य भारतीय के नेतृत्व में छात्राएं अनुसूचित जाति कल्याण विभाग के कमिश्नर कार्यालय पहुंची। छात्राओं ने पानी, बिजली, वाशरूम और साफ-सफाई की समस्याएं भी उठाईं। शिकायत करने पर कर्मचारियों द्वारा दुर्व्यवहार का आरोप भी लगाया। सहायक आयुक्त प्रशांत आर्य ने जल्द समाधान का आश्वासन दिया। छात्रसंघ ने समस्याएं दूर नहीं होने पर दोबारा आंदोलन की चेतावनी दी।

टीम ने खाद्य नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है, जांच रिपोर्ट मिलने व निरीक्षण में पाई गई कमियों के आधार पर नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं अजा कन्या कालेज के हॉस्टल में भोजन में इल्ली मिलने का मामला संज्ञान में आया है। टीम भेजकर निरीक्षण कर कार्रवाई की जाएगी।
- शिवराज पावक, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी

मैनिट में पानी के नमूने लिए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।
- डा. मनीष शर्मा, सीएमएचओ