भोपाल में नेपाली युवक व नाबालिग प्रेमिका ने जहर खाया, फिर एक ही कुंदे पर लगाई फांसी; मरने से पहले निभाईं शादी की रस्में
भोपाल में एक नेपाली युवक और नाबालिग प्रेमिका ने परिवार की असहमति के कारण आत्महत्या कर ली। शादी की रस्में ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।
HighLights
युवक 11 नंबर क्षेत्र में चाइनीज फूट का ठेला लगाता था।
एक साल पहले इंस्टाग्राम पर हुई थी दोनों की दोस्ती।
घटना के वक्त युवक के माता-पिता नेपाल गए थे।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। किशोर उम्र में पनपा प्यार धीरे-धीरे इतना गहरा हो गया कि दोनों ने साथ जीने के सपने देख लिए। शादी कर एक-दूसरे का साथ निभाने की चाह थी, लेकिन स्वजन की असहमति उनके रास्ते की सबसे बड़ी बाधा बन गई। गुरुवार को हबीबगंज थाना क्षेत्र के एक मकान में दोनों ने शादी की रस्में निभाईं। कमरे में बुके और गुलाब रखे थे, फ्रिज पर मंगलसूत्र रखा था। लेकिन उनके अधूरे सपनों की गवाह जिंदगी नहीं, मौत बनी।
19 वर्षीय अमन गाह और 16 वर्षीय किशोरी ने पहले चूहामार दवा खाई और फिर एक ही कुंदे पर दुपट्टे से फांसी लगा ली। मौके से शराब की बोतल और चूहामार दवा का पैकेट भी मिला है। पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला।
इंस्टाग्राम पर हुई थी दोस्ती
पुलिस के अनुसार अमन मूल रूप से नेपाल के अर्गाखांची जिले का रहने वाला था। वह 11 नंबर क्षेत्र के पास चाइनीज फूड का ठेला लगाता था। उसकी मां हबीबगंज क्षेत्र में एक केमिस्ट के बंगले में केयरटेकर हैं। परिवार सर्वेंट क्वार्टर में रहता है। किशोरी इसी क्षेत्र की रहने वाली स्कूली छात्रा थी। दोनों की दोस्ती करीब एक साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। वे शादी करना चाहते थे, लेकिन स्वजन राजी नहीं थे।
पहले निभाईं रस्में, फिर उठाया आत्मघाती कदम
गुरुवार दोपहर अमन के घर में अकेले होने पर किशोरी उसके कमरे में पहुंची। दोनों ने साथ खाना खाया। मौके पर मिले मंगलसूत्र, गुलाब और सिंदूर से अनुमान है कि उन्होंने शादी की रस्में निभाई थीं। इसके बाद दोनों ने चूहामार दवा खाई और फिर आगे के कमरे में छत के कुंदे पर दुपट्टे से फंदा लगा लिया।
दोस्त को भेजा आखिरी वॉइस नोट
जान देने से पहले अमन ने दोस्त आर्यन थारू को वॉइस नोट भेजा था, जिसमें कहा, "तूने मेरे लिए बहुत किया है, लेकिन जा रहा हूं, अलविदा।" संदेश मिलने के बाद आर्यन उसे तलाशते हुए पहुंचा। गुरुवार रात करीब आठ बजे दोनों के शव मिलने पर उसने पुलिस को सूचना दी।
माता-पिता गमी में गए थे नेपाल
घटना के समय अमन के माता-पिता परिवार में एक सदस्य की मौत के कारण नेपाल गए हुए थे। थाना प्रभारी संजीव चौकसे ने बताया कि खुदकुशी के कारण स्पष्ट नहीं हैं। युवक के माता-पिता के भोपाल पहुंचने पर पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस दोनों परिवारों के बयान और मोबाइल सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है।
