MP News: 'हुड़दंग किया तो चांद-सूरज नहीं देख पाओगे...' रामनवमी पर SDM की उपद्रवियों को चेतावनी
मध्य प्रदेश के सेंधवा में रामनवमी शोभायात्रा के दौरान पुलिस प्रशासन ने 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन से निगरानी की व्यवस्था की है। साइबर टीम सोशल मीडिया पर नजर रखेगी और असामाजिक तत्वों पर पहले से कार्रवाई की गई है। 2022 के दंगा आरोपितों पर भी सख्ती बरती गई है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि कानून तोड़ने वालों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत कार्रवाई होगी।
जेएनएन, बड़वानी। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीरामजी के प्रकटोत्सव पर जिले भर में विविध आयोजन होंगे। शोभायात्राएं निकलेगी। वहीं सेंधवा में रामनवमी पर निकलने वाली शोभायात्रा में सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था रहेगी। शोभायात्रा में 500 से अधिक कैमरों और ड्रोन कैमरे से पुलिस निगरानी रखेगी।
जुलूस मार्ग पर 21 स्थानों पर 67 कैमरों से पुलिस निगरानी करेगी। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने शोभायात्रा के मार्ग का निरीक्षण किया। वहीं पर्व को लेकर आयोजित शांति समिति की बैठक में एसडीएम आशीष ने हुड़दंगियों को लेकर कड़े शब्दों में कहा कि लॉ एंड आर्डर में बाधा डालने वाले बक्शे नहीं जाएंगे। चाहे वो कोई भी हो, कानून की सामान्य धाराओं के साथ ही राष्ट्रीय सुरक्षा कानून और सख्त धाराएं लगाकर हुड़दंगियों को नेस्तनाबूत करेंगे। उन्हें कड़ा सबक सिखाया जाएगा।
साइबर टीम इंटरनेट गतिविधियों पर भी रख रही है नजर
वहीं एसडीएम ने यहां तक कह दिया कि हुडदंग करने वाले कोई भी हो कड़े कानूनी कदम उठाएंगे और वो चांद सूरज भी नहीं देख पाएंगे। वहीं पुलिस अधीक्षक जगदीश डावर ने भी कड़े सुरक्षा प्रबंधों की जानकारी दी।
शहर थाना प्रभारी बलजीत सिंह बिसेन ने बताया कि सेंधवा शहर पुलिस की खुफिया टीम द्वारा शहर के असामाजिक तत्वों तथा साइबर टीम द्वारा इंटरनेट मीडिया पर भी सतत निगरानी रखी जा रही है। असामाजिक तत्वों, संवेदनशील स्थलों, चौराहों और संदिग्ध लोगों पर शहर के 124 स्थानों पर लगे 500 से अधिक कैमरों और जुलूस मार्ग पर 21 स्थानों पर लगे 67 कैमरों से पुलिस निगरानी रखेगी।
2022 के दंगों के आरोपितों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
शहर पुलिस द्वारा वर्ष 2022 के रामनवमी दंगों के आरोपितों के खिलाफ की गई प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के तहत सभी को 50 हजार से 5 लाख रुपये तक की राशि से बाउंड ओवर किया गया। पिछले एक वर्ष में सेंधवा शहर पुलिस ने 460 अनावेदकों के खिलाफ कार्रवाई की थी। जिससे 17 असामाजिक तत्वों से 5 लाख 17 हजार रुपये वसूले गए। जबकि 13 असामाजिक तत्वों को राशि जमा न करने पर जेल भेजा गया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।