ब्रेक्जिट के बाद जश्न में डूबा ब्रिटेन, ऐतिहासिक पल का गवाह बनने के लिए संसद के बाहर जुटे हजारों लोग

ब्रिटेन शुक्रवार रात 11 बजे आधिकारिक रूप से यूरोपीय यूनियन (ईयू) से अलग हो गया। इसके साथ ही पूरा ब्रिटेन जश्न में डूब गया।

By Arun Kumar SinghEdited By: Publish:Sat, 01 Feb 2020 06:32 PM (IST) Updated:Sat, 01 Feb 2020 06:57 PM (IST)
ब्रेक्जिट के बाद जश्न में डूबा ब्रिटेन, ऐतिहासिक पल का गवाह बनने के लिए संसद के बाहर जुटे हजारों लोग
ब्रेक्जिट के बाद जश्न में डूबा ब्रिटेन, ऐतिहासिक पल का गवाह बनने के लिए संसद के बाहर जुटे हजारों लोग

लंदन, रायटर। ब्रिटेन शुक्रवार रात 11 बजे आधिकारिक रूप से यूरोपीय यूनियन (ईयू) से अलग हो गया। इसके साथ ही पूरा ब्रिटेन जश्न में डूब गया। इस ऐतिहासिक पल का गवाह बनने के लिए हजारों लोग संसद के बाहर जमा हो गए थे। देश का झंडा यूनियन जैक लिए लोगों ने देशभक्ति गीत गाकर अपनी खुशी का इजहार किया। ईयू से 1973 में जुड़ने वाले ब्रिटेन ने इस समूह से अलग होने के लिए 31 जनवरी की समयसीमा तय की थी।

पांच हजार से ज्‍यादा ब्रेक्जिट समर्थक जुटे

पार्लियामेंट स्क्वायर पर रात 11 बजे से पहले ही पांच हजार से ज्यादा ब्रेक्जिट समर्थक जुट गए थे। घड़ी में 11 बजते ही लोगों ने जश्न मनाना शुरू कर दिया। आतिशबाजी और लोगों के उल्लास से पूरा इलाका गुलजार हो गया। कई लोग इस ऐतिहासिक पल को अपने मोबाइल में कैद करते दिखाई दिए। अपनी खुशी का इजहार करते हुए ब्रेक्जिट समर्थक नेता निगल फराज ने कहा, 'हम आज रात जश्न मना रहे हैं क्योंकि ब्रिटेन के आधुनिक इतिहास में यह सबसे अहम क्षण है।'

रात आठ बजे रवाना हुई अंतिम यूरोस्टार ट्रेन

ईयू से ब्रिटेन के अलग होने से पहले रात आठ बजे लंदन से आखिरी ट्रेन यूरोस्टार रवाना हुई। इस ट्रेन में सवार लोगों ने ब्रेक्जिट पर अफसोस जाहिर किया।

ज्ञात रहे कि ब्रिटेन 31 जनवरी आधी रात को औपचारिक तौर पर यूरोपीय यूनियन (ईयू) से अलग हो गया जिसके साथ ही ईयू सदस्य देशों के साथ उसकी 47 साल पुरानी एकजुटता खत्म हो गई। इस मौके पर ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने कहा था कि यह नए युग की शुरुआत है। यूरोपीय यूनियन से अलगाव पर ब्रिटेन में खुशी और गम, दोनों ही तरह का माहौल दिख रहा है। कई समर्थक ब्रेक्जिट को स्वतंत्रता दिवस के तौर पर देख रहे हैं तो दूसरी ओर विरोधी इसे मूर्खतापूर्ण कदम मान रहे हैं। विरोध करने वालों की दलील है कि इससे पश्चिम कमजोर पड़ेगा। 

chat bot
आपका साथी