बैंक का कर्ज चुकाने के लिए भगोड़े कारोबारी विजय माल्या की लक्जरी याट को बेचने का आदेश

लक्जरी लाइफ स्टाइल के लिए ख्यात भगोड़े शराब कारोबारी विजय माल्या को ब्रिटिश कोर्ट ने सोमवार को झटका दिया।

By Arun Kumar SinghEdited By: Publish:Mon, 27 Jan 2020 10:31 PM (IST) Updated:Mon, 27 Jan 2020 10:31 PM (IST)
बैंक का कर्ज चुकाने के लिए भगोड़े कारोबारी विजय माल्या की लक्जरी याट को बेचने का आदेश
बैंक का कर्ज चुकाने के लिए भगोड़े कारोबारी विजय माल्या की लक्जरी याट को बेचने का आदेश

 लंदन, प्रेट्र। लक्जरी लाइफ स्टाइल के लिए ख्यात भगोड़े शराब कारोबारी विजय माल्या को ब्रिटिश कोर्ट ने सोमवार को झटका दिया। कोर्ट ने कहा कि फोर्स इंडिया के स्वामित्व वाली लक्जरी याट को बेचा जाए और उससे प्राप्त धनराशि से कतर नेशनल बैंक का कर्ज चुकाया जाए। याट बैंक के पास बंधक (मॉरगेज) है लेकिन उसका परोक्ष स्वामी विजय माल्या का बेटा सिद्धार्थ माल्या है। इस याट पर कभी विजय माल्या की शानदार देर रात की पार्टियां होती थीं। समुद्र के बीच होने वाली पार्टियों में नामी-गिरामी हस्तियां शिरकत करती थीं।

इंग्लैंड के दक्षिण तट पर स्थित साउथैम्पटन बंदरगाह में बंधक है याट

लंदन के हाई कोर्ट में बैंक ने बताया कि उसका करीब छह मिलियन यूरो (47 करोड़ रुपये) का कर्ज विजय माल्या की संबद्धता वाली कंपनी पर है। इस कर्ज को लेने के लिए विजय माल्या ने बैंक को अपनी पर्सनल गारंटी दी थी। इस लिहाज से कर्ज न चुकाए जाने पर वह सीधे जिम्मेदार बनते हैं। हाई कोर्ट के जज नीजेल टेयर ने बैंक के इस दावे को स्वीकार किया। कहा कि इससे कर्ज लेने वाले से उनके नजदीकी रिश्ते का भी पता चलता है। इसलिए बैंक उनकी संपत्ति से कर्ज की धनराशि, उस पर ब्याज और वसूली में खर्च होने वाला धन वसूलने का हकदार है। यह धनराशि करीब छह मिलियन यूरो बनती है।

आदेश में लिखा गया है कि याट की स्वामी फोर्स इंडिया कंपनी सुनवाई के दौरान नहीं आई। इसलिए अब याट को बेचकर बैंक का कर्ज चुकाने का आदेश दिया जा रहा है। यह याट फिलहाल इंग्लैंड के दक्षिण तट पर स्थित साउथैम्पटन बंदरगाह में बंधक बनी हुई है। हाई कोर्ट ने इस याट को बेचने की प्रक्रिया पूरी करने की जिम्मेदारी मार्शल पॉल फारेन को सौंपी है।

माल्‍या का 17 बेडरूम का है लक्‍जरी याट

विजय माल्या की फ्रांसीसी द्वीप पर 17 बेडरूम का लक्‍जरी याट (हवेली) बिना काम की है। बैंक जिसने विजय माल्या पर मुकदमा दायर किया है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि माल्या की फ्रांसीसी द्वीप इले सैंट मारगुएराइट पर 1.3-हेक्टेयर संपत्ति बिना काम है। इसमें एक सिनेमाघर, हेलीपैड और अपना खुद का नाइटक्लब भी है। कर्ज वसूली के एक अन्य मामले में भारतीय स्टेट बैंक की अगुआई में भारतीय बैंकों का समूह विजय माल्या के खिलाफ ब्रिटिश कोर्ट में मुकदमा चला रहा है। इन बैकों के नौ हजार करोड़ रुपये लेकर माल्या ब्रिटेन भागा हुआ है।

जनवरी, 19 को माल्‍या का घोषित किया भगोड़ा

जनवरी 2019 में, भगोड़े आर्थिक अपराधी अधिनियम 2018 के तहत पीएमएलए अदालत ने माल्या को भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित किया था। यह अधिनियम उन आर्थिक अपराधियों की संपत्ति को जब्त करने की अनुमति देता है, जो भारतीय अदालतों के अधिकार क्षेत्र से बाहर रहकर अभियोजन से बचते हैं। माल्या को भारत वापस लाने के लिए क सरकार और भारतीय जांच एजेंसियां लगातार कोशिश कर रही हैं। माल्या मार्च 2016 में भारत छोड़कर भाग गया था और तभी से ब्रिटेन में रह रहा है।

chat bot
आपका साथी