युद्ध और ठंड के बीच अभूतपूर्व संकट से घिरे यूक्रेन को मिला EU का साथ, 18 अरब यूरो की मिलेगी वित्तीय मदद

यूक्रेन की मदद के लिए यूरोपीय संघ यानी ईयू 18 अरब यूरो (18.93 अरब डालर) के वित्तीय पैकेज तथा वहां की बड़ी कंपनियों पर न्यूनतम कर लागू करने संबंधी समझौते पर सैद्धांतिक रूप से सहमत हो गया है।

By Piyush KumarEdited By: Publish:Tue, 13 Dec 2022 08:03 PM (IST) Updated:Wed, 14 Dec 2022 05:22 AM (IST)
युद्ध और  ठंड के बीच अभूतपूर्व संकट से घिरे यूक्रेन को मिला EU का साथ, 18 अरब यूरो की मिलेगी वित्तीय मदद
यूक्रेन के 18 अरब की आर्थिक मदद देगा यूरोपीय संघ।

ब्रसेल्स, एजेंसी। बढ़ते रूसी हमलों व ठंड के बीच अभूतपूर्व संकट का सामना कर रहे यूक्रेन की मदद के लिए यूरोपीय संघ यानी ईयू 18 अरब यूरो (18.93 अरब डालर) के वित्तीय पैकेज तथा वहां की बड़ी कंपनियों पर न्यूनतम कर लागू करने संबंधी समझौते पर सैद्धांतिक रूप से सहमत हो गया है। इससे ईयू को ब्लाक व विद्रोही रुख अपना रहे उसके सदस्य हंगरी के बीच नाराजगी दूर करने में भी मदद मिलेगी।

यूरोपीय देशों के 27 राजदूत सोमवार देर रात एक समझौते पर सहमत हुए। इसमें एक बड़ा हिस्सा हंगरी का होगा, जिसके लिए उसने वादा किया था। लेकिन, एलान के अनुरूप आगे नहीं बढ़ सका था। इसके कारण ईयू के अन्य देश हंगरी पर नियमों को तोड़ने का आरोप लगाने लगे थे। ईयू के मौजूदा अध्यक्ष चेक ने ट्वीट किया, 'मेगाडील!' यह डील अभी संभावित है, क्योंकि इस पर हस्ताक्षर नहीं हुए हैं। हालांकि, इसकी राह में कोई बड़ी बाधा नजर नहीं आती।

जेलेंस्की ने मांगी 80 करोड़ यूरो की आपातकालीन मदद 

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने पेरिस में जुटे सहयोगियों से मंगलवार को कहा कि उनके देश को आपतकालीन ऊर्जा जरूरतों की पूर्ति के लिए कम से कम 80 करोड़ यूरो की तत्काल जरूरत है। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुए मैक्रों 70 देशों व संस्थाओं के प्रतिनिधियों की बैठक की मेजबानी कर रहे हैं, जिसमें अभी से लेकर मार्च तक जल, खाना, ऊर्जा, स्वास्थ्य व परिवहन व्यस्था दुरुस्त रखने संबंधी उपायों पर चर्चा होनी है। मैक्रों ने उद्घाटन भाषण में कहा, 'युद्ध में यूक्रेन की बढ़त के बाद रूस ने कीव के नागरिक सेवाओं व बुनियादी ढांचों पर हमले शुरू कर दिए हैं।'

उन्होंने यूक्रेन को तत्काल 63 इलेक्टि्रक जेनरेटर व 4.85 करोड़ यूरो उपलब्ध कराने का एलान किया। आर्थिक महाशक्तियों के समूह जी-7 ने यूक्रेन की सैन्य ताकत बढ़ाने और उसकी वायु रक्षा पर ध्यान केंद्रित करने पर विचार किया। जेलेंस्की की अपील पर समहू सदस्यों ने यूक्रेन की तात्कालिक जरूरतों की पूर्ति का भरोसा भी दिया। अमेरिकी अधिकारियों ने बताया कि उनके देश ने करीब 1.3 करोड़ डालर के ऊर्जा उपकरणों की पहली खेप यूक्रेन के लिए रवाना कर दी है। दो अन्य खेप भी इसी हफ्ते रवाना होंगी।

रूस ने खारिज किया यूक्रेन का शांति वार्ता प्रस्ताव

क्रेमलिन प्रवक्ता दमित्री पेस्कोव ने सोमवार को कहा कि राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का साल के अंत में होने वाला वार्षिक संवाददाता सम्मेलन रद कर दिया गया है। 10 वर्षों में यह पहला मौका है, जब वार्षिक संवाददाता सम्मेलन रद किया गया है। रूस ने मंगलवार को यूक्रेनी राष्ट्रपति के कथित शांति वार्ता प्रस्ताव को खारिज कर दिया और कहा कि कीव को मौजूदा स्थितियों को स्वीकार करना चाहिए। उसने दक्षिणी यूक्रेन स्थित जपोरीजिया परमाणु केंद्र के पास भारी हथियारों की तैनाती से भी इन्कार किया।

इस बीच, डोनेस्क के पूर्वी क्षेत्र में यूक्रेन व रूस के बीच युद्ध जारी रहा। दोनों ही देश डोनेस्क में हालात कठिन होने की बात कहते हैं और युद्ध में सफलता का दावा कर रहे हैं। रूस की सरकारी समाचार एजेंसी आरआइए ने डोनेस्क के 50 प्रतिशत क्षेत्र को मुक्त कराने का दावा किया है। क्रेमलिन यूक्रेन के ऊर्जा ढांचों पर लगातार हमले कर रहा है, जिसके कारण वहां बिजली-पानी का संकट पैदा हो गया है। उधर, यूक्रेन युद्ध में शामिल न होने का दावा करने वाले रूस के करीबी सहयोगी बेलारूस ने अपनी सैन्य तैयारियों को परखा।

यह भी पढ़ें: Ukraine War: रूस ने यूक्रेन से सैनिकों की वापसी का प्रस्ताव किया खारिज, कहा- वास्तविकता करनी होगी स्वीकार

chat bot
आपका साथी