अब व्यायाम करेगा रोबोट तो करेगा मानव समान ये क्रिया

जापान के वैज्ञानिकों ने विकसित किया पुशअप्स करने वाला रोबोट, 2001 में रोबोट केंटा के विकसित होने से शुरू हुई श्रृंखला का सबसे उन्नत रूप

By Sanjay PokhriyalEdited By: Publish:Wed, 03 Jan 2018 11:35 AM (IST) Updated:Wed, 03 Jan 2018 12:15 PM (IST)
अब व्यायाम करेगा रोबोट तो करेगा मानव समान ये क्रिया
अब व्यायाम करेगा रोबोट तो करेगा मानव समान ये क्रिया

टोक्यो (प्रेट्र)। वैज्ञानिकों ने एक ऐसे ह्यूमनॉइड (मानव सदृश) रोबोट को विकसित करने में सफलता हासिल की है, जो मनुष्यों की तरह न केवल व्यायाम कर सकता है, बल्कि इस दौरान पसीना भी बहाता है। इस रोबोट की आकृति मनुष्य के शरीर जैसी है इसलिए इसे ह्यूमनॉइड रोबोट कहा गया है।

रोबोट का नाम रखा केंगोरो 

जापान के यूनिवर्सिटी ऑफ टोक्यो में विकसित इस रोबोट का नाम केंगोरो है, जिसमें कृत्रिम पर्सपिरेशन (पसीना) सिस्टम लगाया गया है। केंगोरो मनुष्यों की तरह ही उठक-बैठक और पुशअप्स जैसे कठिन व्यायाम कर सकता है, लेकिन व्यायाम के कारण यह बहुत गर्म हो जाता है। इससे बचाने के लिए रोबोट के शरीर में मौजूद पर्सपिरेशन सिस्टम से पानी को प्रवाहित किया जाता है, जो भाप बनकर शरीर के बाहर निकल जाता है।

अब तक का सर्वश्रेष्ठ 

साइंस रोबोटिक्स नामक जर्नल में प्रकाशित शोध के अनुसार पहली बार किसी रोबोट में पर्सपिरेशनल सिस्टम को इंस्टॉल किया गया है। जापान की यह टीम पिछले कई सालों से ह्यूमनॉइड रोबोट विकसित करने में जुटी है। केंगारो 2001 में रोबोट केंटा के विकसित होने से शुरू हुई श्रृंखला का सबसे उन्नत रूप है।

इंसानों की तरह पसलियां हैं और मेरुदण्ड

एल्यूमीनियम, इस्पात, प्लास्टिक और अन्य घटकों से डिजाइन किया गया रोबोट इंसान नुमा है। इसमें इंसानों की तरह पसलियां हैं और मेरुदण्ड जैसी एक कृत्रिम प्रणाली भी है जो रोबोट की गति और संतुलन को नियंत्रित करती है। रोबोट का दिल एक शक्तिशाली कंप्यूटर है, जो उसे स्वतंत्र रूप से अपने प्रदर्शन करने में मदद करता है। 

इसे बनाने वाले एक विशेषज्ञ युकी आसान ने अपने शोध थीसिस में लिखा है कि पिछले दो हजार साल से ‘मनुष्य अपने शरीर के महत्वपूर्ण प्रणालियों को समझने की कोशिश कर रहा है, लेकिन उस पर जो विचार बनाए गए उनके मूल्यांकन के लिए इंजीनियरिंग, रोबोटिक्स और इलेक्ट्रॉनिक्स पारंपरिक शैली अपर्याप्त थी। बकौल युकी, अब हमने हूबहू मानव प्रणाली वाला एक रोबोट बनाया है जो मांसपेशियों पर आधारित संरचना है, महसूस करने वाला तंत्रिका प्रणाली और जानकारी को अवशोषित करके प्रोसेस करने वाला कंप्यूटर है।

यह भी पढ़ें : कैंसर से गड़बड़ा सकती है शरीर की जैविक घड़ी

chat bot
आपका साथी