इंडोनेशिया: विनाशकारी भूकंप में अब तक 98 की मौत, 20 हजार से अधिक बेघर

रविवार को इंडोनेशिया के लंबोक में आए 69 की तीव्रता वाले भूकंप से हजारों इमारतें धराशायी हो गईं जिसमें करीब 98 लोगों की मौत हो गई।

By Srishti VermaEdited By: Publish:Tue, 07 Aug 2018 01:59 PM (IST) Updated:Tue, 07 Aug 2018 02:29 PM (IST)
इंडोनेशिया: विनाशकारी भूकंप में अब तक 98 की मौत, 20 हजार से अधिक बेघर
इंडोनेशिया: विनाशकारी भूकंप में अब तक 98 की मौत, 20 हजार से अधिक बेघर

माताराम (एएफपी)। इंडोनेशिया में आए जानलेवा भूकंप से इन दिनों तबाही का मंजर है। बता दें भूकंप में अब तक 98 लोगों की जानें चली गई है। इस खतरे को भांप कर ही इंडोनेशिया घूमने आए पर्यटक आनन-फानन में किसी भी तरह समुद्री जहाज और विमान की मदद से वहां से निकलने की कोशिश कर रहे हैं। एक सप्ताह के भीतर दो बार आए जानलेवा भूकंप ने लोगों को दहला कर रख दिया है। बचाव दल प्रभावित जगहों पर पहुंच कर उन्हें भोजन और शरण की सुविधा प्रदान कर रहे हैं।

रविवार को इंडोनेशिया के लंबोक में आए 6.9 की तीव्रता वाले भूकंप से हजारों इमारतें धराशायी हो गईं जिसमें करीब 98 लोगों की मौत हो गई। इसके कुछ ही दिन बाद आए दूसरे भूकंप में 17 लोगों की जानें चली गईं। बचाव दलों ने प्रभावित लोगों को राहत कैंपो, मस्जिद औऱ स्कूल में ठहराकर उन्हें सुरक्षा प्रदान कर रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, लंबोक में 20,000 लोग बेघर हो गए हैं जबकि 236 लोग घायल हो गए हैं। अधिकारियों ने घायलों के लिए चिकित्सकीय सुविधाएं प्रदान करनी शुरू कर दी हैं, इमारतों में फंसे हुए लोगों को निकाला जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, जिली द्वीप में 7 पर्यटकों की मौत के बाद 4,600 पर्यटकों को वहां से निकाला गया है।

एक पर्यटक ने बताया कि सभी ने तब चिल्लाना शुरू कर दिया जब उनके होटल की छत भूकंप के कारण नीचे गिर गई। उसने बताया कि हम खुशनसीब हैं कि सभी होटल से बाहर आ गए। वह बहुत ही भयानक दृश्य था, चारों तरफ अंधेरा छा गया था। टूरिज्म एजेंसी के प्रमुख मोहम्मद फैजल ने बताया कि लोगों के बीच सुनामी की अफवाह फैलने पर चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। लोग वहां से जल्द से जल्द निकल कर अपने घर जाना चाह रहे थे।

फैजल ने बताया कि हम उन्हें यहां से निकलने के लिए एयरपोर्ट तो छोड़ सकते हैं लेकिन उनके लिए मुफ्त में टिकट नहीं खरीद सकते। बताया कि अधिकारी उनके लिए रहने की सुविधा, भोजन और ट्रांसपोर्ट की सुविधा प्रदान कर रहे हैं। लंबोक एयरपोर्ट के जनरल मैनेजर ने बताया कि हम फंसे हुए लोगों की मदद के लिए हरसंभव प्रयास कर रहे हैं। 

2004 में दक्षिणी इंडोनेशिया के सुमात्रा में आए विनाशकारी सुनामी (समुद्र के अंदर आए 9.3 की तीव्रता वाले भूकंप) में इंडोनेशिया के 168,000 सहित प्रशांत महासागर के आस-पास के देशों के कुल 2,20,000 लोगों की मौत हो गई थी।

chat bot
आपका साथी