अमेरिका में फ्लॉयड को श्रद्धांजलि देने उमड़े लोग, ह्यूस्टन के चर्च परिसर में रखा गया शव

उनके शव को ह्यूस्टन मेमोरियल गार्डेस कब्रिस्तान में दफनाया जाएगा। यहीं पर उनकी मां लारेंसी फ्लॉयड की भी कब्र है।

By Bhupendra SinghEdited By: Publish:Tue, 09 Jun 2020 07:44 PM (IST) Updated:Tue, 09 Jun 2020 09:44 PM (IST)
अमेरिका में फ्लॉयड को श्रद्धांजलि देने उमड़े लोग, ह्यूस्टन के चर्च परिसर में रखा गया शव
अमेरिका में फ्लॉयड को श्रद्धांजलि देने उमड़े लोग, ह्यूस्टन के चर्च परिसर में रखा गया शव

ह्यूस्टन, एजेंसियां। अमेरिका के ह्यूस्टन शहर के एक चर्च में अश्वेत व्यक्ति जॉर्ज फ्लॉयड का शव अंतिम दर्शनों के लिए रखा गया। इस दौरान श्रद्धांजलि देने के लिए लोग उमड़ पड़े। मास्क और ग्लव्स में पहुंचे पांच हजार से ज्यादा लोगों ने अफ्रीकी-अमेरिकी फ्लॉयड के अंतिम दर्शन किए और श्रद्धांजलि दी। मिनीपोलिस में गत 25 मई को पुलिस हिरासत में फ्लॉयड की मौत हो गई थी। एक पुलिस अधिकारी द्वारा करीब नौ मिनट तक घुटने से उनकी गर्दन को दबाए जाने का वीडियो सामने आया था। इसके बाद पूरे अमेरिका में कोरोना महामारी के बीच कई दिनों तक बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन और हिंसा हुई थी। इस हत्याकांड के विरोध में अब भी कई शहरों में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं।

अंतिम दर्शनों के लिए ह्यूस्टन के चर्च परिसर में रखा गया शव

46 वर्षीय फ्लॉयड के शव को अंतिम संस्कार के लिए शनिवार रात ह्यूस्टन लाया गया। इसके बाद सोमवार को यहां के फाउंटेन ऑफ प्रेज चर्च में शव को एक सुनहरे रंग के खुले ताबूत में रखा गया ताकि लोग उनको श्रद्धांजलि दे सके। अंतिम दर्शन के लिए दोपहर बारह बजे से लेकर शाम छह बजे तक का समय निर्धारित किया गया था। इस दौरान श्रद्धांजलि देने के लिए अमेरिका के कई दूसरे शहरों से लोग यहां पहुंचे। कई लोग लंबी ड्राइविंग कर फ्लॉयड के अंतिम दर्शन के लिए आए थे। फ्लॉयड ने अपना ज्यादातर समय इसी चर्च में गुजारा था। उनके शव को ह्यूस्टन मेमोरियल गार्डेस कब्रिस्तान में दफनाया जाएगा। यहीं पर उनकी मां लारेंसी फ्लॉयड की भी कब्र है। लारेंसी की कब्र के समीप ही उनके शव को दफन किया जाएगा।

फ्लॉयड के परिवार से मिले गवर्नर

फ्लॉयड का परिवार भी टेक्सास प्रांत के सबसे बड़े शहर ह्यूस्टन पहुंचा है। इस प्रांत के गवर्नर ग्रेग एबॉट बताया कि उन्होंने सोमवार को फ्लॉयड के परिवार से मुलाकात की और उनके प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। टेक्सास के हैरिस काउंटी ने आधिकारिक तौर पर नौ जून को जॉर्ज फ्लॉयड डे घोषित कर दिया है।

पुलिस सुधार के लिए बिल की तैयारी

विपक्षी डेमोक्रेटिक सांसद ने पुलिस सुधार के लिए संसद में एक बिल पेश करने की तैयारी की है। इस बिल में पुलिस की बर्बरता पर अंकुश लगाने के कई उपाए किए गए हैं। पुलिस हिरासत में फ्लॉयड की मौत के विरोध में पूरे अमेरिका में विरोध प्रदर्शन देखने को मिले थे। इस घटना के बाद कई अमेरिकी प्रांत भी पुलिस व्यवस्था में सुधार की तैयारी की जा रही है।

ट्रंप और बिडेन की एक राय

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पुलिस विभागों को फंड नहीं देने या खत्म करने की मांग को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि वे अपनी जिंदगी को खतरे में डालकर लोगों की सुरक्षा करते हैं। डेमोक्रेटिक पार्टी के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार जो बिडेन ने भी इस मांग पर अपनी असहमति जताई है। उन्होंने कहा कि वह इस तरह की मांग का समर्थन नहीं करते। बिडेन ने सोमवार को ह्यूस्टन में फ्लॉयड के परिवार से मुलाकात की। यह मुलाकात करीब घंटे भर चली। इस दौरान बिडेन ने फ्लॉयड के पारिवारिक सदस्यों की तकलीफों को ध्यान से सुना और अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

chat bot
आपका साथी