अमेरिका के उत्तरी कैरोलिना प्रांत में फ्लोरेंस तूफान ने मचाई भारी तबाही, हजारों लोग बेघर

तूफान के कारण हजारों घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। नदियां भी उफान पर हैं जिसकी वजह से बाढ़ का खतरा बना हुआ है।

By Ravindra Pratap SingEdited By: Publish:Mon, 17 Sep 2018 05:36 PM (IST) Updated:Mon, 17 Sep 2018 05:42 PM (IST)
अमेरिका के उत्तरी कैरोलिना प्रांत में फ्लोरेंस तूफान ने मचाई भारी तबाही, हजारों लोग बेघर
अमेरिका के उत्तरी कैरोलिना प्रांत में फ्लोरेंस तूफान ने मचाई भारी तबाही, हजारों लोग बेघर

विलमिंगटन, रायटर। चक्रवाती तूफान फ्लोरेंस ने अमेरिका के उत्तरी कैरोलिना प्रांत में भारी तबाही मचाई है। तूफान से मरने वालों की संख्या बढ़कर 17 हो गई है। उत्तरी कैरोलिना में रविवार को भी मूसलधार बारिश जारी रही। तटीय शहर विलमिंगटन का अन्य क्षेत्रों से सड़क संपर्क टूट गया है। तूफान के कारण हजारों घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। नदियां भी उफान पर हैं जिसकी वजह से बाढ़ का खतरा बना हुआ है।

कैरोलिना और पड़ोसी राज्यों के करीब साढ़े छह लाख घरों में बिजली गुल हो गई है। राष्ट्रीय मौसम विभाग ने कहा, 'तूफान के चलते उत्तरी कैरोलिना के कुछ हिस्सों में लगातार तेज बारिश हो रही है। गुरुवार से रविवार तक यहां करीब 100 सेंटीमीटर बारिश हो चुकी है।'

प्रांत के गर्वनर रॉय कूपर का कहना है कि तूफान इतना खतरनाक नहीं होता जितना लगातार भारी बारिश होना। कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। बाढ़ में घिरे 900 लोगों को बचाकर सुरक्षित स्थान पर भेजा गया है। करीब 15 हजार लोगों ने पहले ही राहत शिविरों में शरण ले रखी है।

chat bot
आपका साथी