Coronavirus World Update : डेढ़ करोड़ हुई कोरोना मरीजों की तादाद, आठ दिन में बढ़े 20 लाख मरीज

दुनियाभर में कोरोना संक्रमितों की संख्या डेढ़ करोड़ से ज्यादा हो गई है। बताया जाता है कि 1.3 करोड़ से डेढ़ करोड़ मरीज होने में मात्र आठ दिन लगे हैं। जानें दुनिया का हाल...

By Krishna Bihari SinghEdited By: Publish:Wed, 22 Jul 2020 08:48 PM (IST) Updated:Thu, 23 Jul 2020 03:12 AM (IST)
Coronavirus World Update : डेढ़ करोड़ हुई कोरोना मरीजों की तादाद, आठ दिन में बढ़े 20 लाख मरीज
Coronavirus World Update : डेढ़ करोड़ हुई कोरोना मरीजों की तादाद, आठ दिन में बढ़े 20 लाख मरीज

सिडनी, एजेंसियां। पूरी दुनिया में कोरोना संक्रमितों की संख्या डेढ़ करोड़ से ज्यादा हो गई है। जबकि अभी तक 6,17,254 लोगों की मौत हो चुकी है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्वीट करके चेतावनी दी है कि दुर्भाग्य से सब कुछ ठीक होने से पहले स्थिति और खराब होगी। आंकड़ों की बात करें तो पहले 20 लाख मरीज होने में जहां 15 सप्ताह लगे वहीं 1.3 करोड़ से डेढ़ करोड़ मरीज होने में मात्र आठ दिन लगे। कोरोना मरीजों का आधिकारिक आंकड़ा 1,50,09,213 पर पहुंच गया है।

अमेरिका में 39 लाख से अधिक प्रभावित

यह तादाद इंफ्लुएजा से हर साल प्रभावित होने वाले मरीजों के तीन गुना से भी ज्यादा है। चीन के वुहान से इस वायरस की शुरुआत हुई थी, लेकिन इससे सबसे ज्यादा प्रभावित अमेरिका है। अमेरिका में लगभग 1,42,073 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि 39 लाख से अधिक लोग प्रभावित हैं। दूसरे नंबर पर ब्राजील है जहां पर साढ़े 21 लाख लोग संक्रमित हैं और अब तक वहां 81 हजार से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है।

अमेरिका में एक हजार लोगों की मौत

मंगलवार को अमेरिका में एक दिन एक हजार से ज्यादा लोगों की मौत हुई। 10 जून के बाद यह पहली बार है जब चौबीस घंटे के अंदर इतनी बड़ी संख्या में लोगों की मौत हुई है। उधर, कैलिफोर्निया में संक्रमित मरीजों की तादाद चार लाख से ज्यादा हो गई है। भले ही अमेरिका में महामारी चरम पर हो, लेकिन अभी भी कुछ प्रांतों के गवर्नर, शहरों के मेयर और स्थानीय अधिकारी बीमारी को लेकर बहुत गंभीर नहीं दिखाई दे रहे हैं।

टेक्सास में शारीरिक दूरी का नहीं जारी हुआ आदेश

टेक्सास के गवर्नर ग्रेग एबोट ने आरोप लगाया है कि हिडालगो काउंटी ने स्थानीय लोगों को घर पर रहने और शारीरिक दूरी का पालन करने का आदेश नहीं दिया है। जॉर्जिया में गवर्नर ने अटलांटा की मेयर को वह आदेश लागू करने से रोकने की मांग की है, जिसमें उन्होंने मास्क पहनना अनिवार्य किया है। इस मामले पर कोर्ट को सुनवाई करनी थी, लेकिन दो जजों द्वारा मामले से अपने को अलग करने के चलते सुनवाई फिलहाल स्थगित हो गई है।

फ्लोरिडा में हर रोज 10 हजार से ज्यादा केस

फ्लोरिडा की बात करें तो स्टेट टीचर्स यूनियन ने गवर्नर द्वारा स्कूलों को दोबारा खोले जाने की योजना पर मुकदमा दायर कर दिया है। यहां पर पिछले सात में से छह दिन 10 हजार से ज्यादा मामले सामने आए हैं। अभी तक फ्लोरिडा और जॉर्जिया ने मास्क को अनिवार्य करने संबंधी आदेश जारी नहीं किया है। हालांकि टेक्सास के गवर्नर यह आदेश जारी कर दिया है।

विक्टोरिया प्रांत में 484 नए मामले सामने आए

ऑस्ट्रेलिया में महामारी से जूझ रहे विक्टोरिया प्रांत में पिछले चौबीस घंटों के दौरान 484 नए मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य अधिकारियों ने कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ने की चेतावनी जारी की है। विक्टोरिया के सबसे बडे़ शहर मेलबर्न में पिछले दो सप्ताह से लॉकडाउन है। विक्टोरिया के प्रीमियर डेनियल एंड्रयूज ने दो और लोगों की मौत होने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि गुरुवार से फेस मास्क को अनिवार्य कर दिया गया है। न्यू साउथ वेल्स में 16 नए मामले सामने आए हैं।

एक नजर इन देशों पर

चीन: राजधानी बीजिंग के कम जोखिम वाले क्षेत्रों में सिनेमाघर 24 जुलाई से खुलेंगे। फिलहाल कुल क्षमता से 30 फीसद लोग ही सिनेमा देख सकेंगे। चीन के शिनजियांग प्रांत में संक्रमण के नौ मामले सामने आए हैं। संक्रमण के सभी मामले राजधानी उरमकी से जुड़े हैं।

नेपाल: कोरोना के 100 नए मामले सामने आए हैं। बुधवार से देश से लॉकडाउन को हटा लिया गया है। यहां पर 24 मार्च से लॉकडाउन था।

ब्राजील: राष्ट्रपति जेर बोल्सोनारो का कोरोना टेस्ट एक बार फिर पॉजिटिव आया है। यह टेस्ट उन्होंने मंगलवार को कराया था।

हांगकांग: कोरोना के मामले बढ़ने के साथ ही मास्क को अनिवार्य कर दिया गया है। यह नियम पांच अगस्त तक प्रभावी रहेगा।

पाकिस्तान: कोरोना के 1332 नए मामले सामने आए हैं। जबकि 38 लोगों की मौत हुई है।

स्पेन: पर्यटन मंत्री ने कहा कि कैटोलिना में बढ़े मामलों को काबू कर लिया गया है और उन्हें उम्मीद है कि फ्रांस के साथ सीमा बंद किए जाने की कोई जरूरत नहीं है।

दक्षिण कोरिया: 63 नए मामल सामने आए हैं। एक दिन पहले ही दक्षिण कोरिया के अधिकारियों ने महामारी को नियंत्रण में किए जाने की आशा जताई थी। 

chat bot
आपका साथी