बंगाल में 24 घंटे के अंदर दो भाजपा कार्यकर्ताओं के शव पेड़ से लटके मिले, BJP ने कहा-बंगाल में गुंडाराज

बंगाल में खूनी राजनीति का दौर थमता नहीं दिख रहा है। बीते 24 घंटे के भीतर राज्य में दो भाजपा कार्यकर्ताओं के शव पेड़ से लटके मिले हैं जिसके बाद एक बार फिर इसको लेकर सियासत गरमा गई

By Vijay KumarEdited By: Publish:Thu, 30 Jul 2020 08:20 PM (IST) Updated:Thu, 30 Jul 2020 08:20 PM (IST)
बंगाल में 24 घंटे के अंदर दो भाजपा कार्यकर्ताओं के शव पेड़ से लटके मिले, BJP ने कहा-बंगाल में गुंडाराज
बंगाल में 24 घंटे के अंदर दो भाजपा कार्यकर्ताओं के शव पेड़ से लटके मिले, BJP ने कहा-बंगाल में गुंडाराज

राज्य ब्यूरो, कोलकाता : बंगाल में खूनी राजनीति का दौर थमता नहीं दिख रहा है। बीते 24 घंटे के भीतर राज्य में दो भाजपा कार्यकर्ताओं के शव पेड़ से लटके मिले हैं, जिसके बाद एक बार फिर इसको लेकर सियासत गरमा गई है। बुधवार को पूर्व मेदिनीपुर जिले के कछुरी गांव में भाजपा कार्यकर्ता पूर्णचरण दास का शव पेड़ से लटका मिला तो गुरुवार को दक्षिण 24 परगना के मथुरापुर में भाजपा बूथ सचिव गौतम पात्र का शव भी पेड़ से लटका मिला। दोनों के परिजनों और प्रदेश भाजपा ने तृणमूल पर हत्या का आरोप लगाया है। हालांकि तृणमूल ने आरोपों को खारिज किया है। बताते चलें कि हाल में बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के हेमताबाद से भाजपा विधायक देबेंद्र नाथ राय शव भी फंदे से संदिग्ध हालत में लटकता हुआ मिला था।

भाजपा ने इसे हत्या बताते हुए इसके पीछे तृणमूल का हाथ बताया था और घटना को लेकर दोनों दलों के बीच काफी आरोप-प्रत्यारोप का दौर चला था। भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने विधायक की हत्या को लेकर राष्ट्रपति व गृह मंत्री से भी मुलाकात कर सीबीआइ जांच की मांग की थी। वहीं, पुलिस ने इसे आत्महत्या बताया था और राज्य सरकार ने इस घटना की सीआइडी जांच के आदेश दिए थे, जिसकी जांच चल रही है। 

बंगाल में गुंडाराज : कैलाश विजयवर्गीय

इधर, पिछले 24 घंटे में दो भाजपा कार्यकर्ताओं की मौत को लेकर पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व बंगाल के प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय ने गुरुवार को ट्विटर के जरिए राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए इसके लिए तृणमूल को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने लिखा, 'पश्चिम बंगाल में गुंडाराज! यहां भाजपा कार्यकर्ताओं पर ज्यादती बंद नहीं हुई। आज फिर मथुरापुर लोक सभा की सागर विधानसभा क्षेत्र के बूथ सचिव गौतम पात्रा जी की फांसी पर लटकाकर हत्या कर दी गई। यह किसी और का नहीं बल्कि तृणमूल के गुंडों का ही काम है।' वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय सचिव व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राहुल सिन्हा ने भी इस घटना को लेकर राज्य सरकार पर हमला बोला तृणमूल को जिम्मेदार ठहराया। वहीं, बंगाल भाजपा ने ट्वीट कर कहा, 24 घंटे के भीतर बंगाल में एक और भाजपा कार्यकर्ता की हत्या। मथुरापुर में बूथ सचिव गौतम पात्र वीभत्स तरीके से लटके मिले। इस तरह की राजनीतिक हत्याएं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के कार्यकाल में बहुत सामान्य हो चुकी हैं। वह जिम्मेदारी से बच नहीं सकती हैं।

हाल ही में भाजपा के विधायक देबेंद्र नाथ राय भी संदिग्ध हालात में मृत मिले थे। दूसरी ओर, तृणमूल कांग्रेस ने कहा कि यह पूरी तरह से बेबुनियाद और राजनीतिक रूप से प्रेरित आरोप हैं। पुलिस जांच में सच सामने आ जाएगा।

chat bot
आपका साथी