तृणमूल इन जगहों पर लड़ेगी लोकसभा चुनाव

तृणमूल कांग्रेस अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में झारखंड, ओड़िशा व असम से भी लड़ेगी। पार्टी इन राज्यों में अपने बूते चुनावी मैदान में उतरेगी।

By Preeti jhaEdited By: Publish:Thu, 29 Nov 2018 08:57 AM (IST) Updated:Thu, 29 Nov 2018 08:57 AM (IST)
तृणमूल इन जगहों पर लड़ेगी लोकसभा चुनाव
तृणमूल इन जगहों पर लड़ेगी लोकसभा चुनाव

जागरण संवाददाता, कोलकाता । तृणमूल कांग्रेस अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में झारखंड, ओड़िशा व असम से भी लड़ेगी। पार्टी इन राज्यों में अपने बूते चुनावी मैदान में उतरेगी। मुख्यमंत्री व तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी ने बुधवार को पुरुलिया के बलरामपुर में आयोजित जनसभा में इसकी घोषणा की।

उन्होंने कहा-'आगामी लोकसभा चुनाव में केंद्र सरकार के गठन में तृणमूल बड़ी भूमिका अदा करेगी। इस लक्ष्य की ओर हम अग्रसर हैं। जंगलमहल से सटे राज्यों में पार्टी को बूथ स्तर पर मजबूत करना होगा क्योंकि तृणमूल इन राज्यों में 2019 का लोकसभा चुनाव लड़ेगी।' वहीं भाजपा पर हमला बोलते हुए ममता ने कहा-'देश में राजभवनों से लेकर प्रधानमंत्री कार्यालय तक सभी महत्वपूर्ण कार्यालयों का भगवाकरण हो गया है।

2019 में भगवा ब्रिगेड का बंगाल से ही नहीं बल्कि दिल्ली से भी सफाया हो जाएगा। इतना ही नहीं, उन्हें उन राज्यों में भी बड़ी संख्या में सीटें गंवानी पड़ेंगी, जहां वे वर्तमान में सत्ता में हैं। तृणमूल काग्रेस सुप्रीमो ने मंगलवार के बाद बुधवार को भी दावा किया कि भाजपा मध्य प्रदेश और राजस्थान, दोनों जगह विधानसभा चुनाव में हारेगी और 2019 में उसे केंद्र की सत्ता भी गंवानी पड़ेगी।

असम से बंगालियों को दूर करने की हो रही कोशिश

राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर (एनआरसी) को लेकर ममता ने एक बार फिर भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा-'भाजपा असम से बंगालियों को दूर करने की कोशिश कर रही है। असम भी हमारा पड़ोसी राज्य है। हम असम में कुछ लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। हम बंगाल से सटे राज्यों से चुनाव लड़ेंगे क्योंकि हम चाहते हैं कि पड़ोसियों के साथ हमारे रिश्ता बेहतर रहे।'

बंगाल सपना, दिल्ली भी हाथ से जाएगी

ममता ने कहा-'भाजपा बंगाल की सत्ता पर आसीन होने का सपना देख रही है लेकिन मैं कहना चाहूंगी कि बंगाल तो भूल ही जाओ, आने वाले दिनों में दिल्ली से भी हाथ धोना पड़ेगा।' उन्होंने दावा किया कि यदि झारखंड में चुनाव हुए तो भाजपा को एक भी सीट नहीं मिलेगी। वह उत्तर प्रदेश, राजस्थान, कर्नाटक, तमिलनाडु और केरल और बंगाल में भी हार जाएगी। इस बार उन्हें यहां लोकसभा चुनाव में एक भी सीट नहीं मिलने वाली है।

झारखंड में उठाएंगे दलितों और जनजातियों के हक की आवाज

पड़ोसी राज्य झारखंड में भाजपा समर्थकों को चेतावनी देते हुए ममता ने कहा-'अशांति फैलाने के लिए बदमाशों को बंगाल भेजा जा रहा है। अगर यहां अशांति फैलाने की कोशिश की गई तो हम चुप नहीं बैठेंगे। हम झारखंड से प्यार करते हैं। अगर जरुरत पड़ी तो वहां दलितों और जनजातियों के खिलाफ अत्याचार रोकने के लिए हम झारखंड में प्रवेश करेंगे और उनके हक के लिए आवाज बुलंद करेंगे।'

भाजपा के उत्थान के लिए वामो और कांग्रेस जिम्मेदार

ममता ने बंगाल में भाजपा के उत्थान के लिए वामदलों और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा-'बंगाल में भाजपा के उत्थान के लिए कुछ माकपा और कांग्रेस कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर लोगों को गुमराह कर रहे हैं। जो लोग आज माथे पर भगवा रंग की पट्टी बांधकर तांडव कर रहे हैं, वे पहले लाल पंट्टी बांधकर लोगों को भय दिखाया करते थे। गंदी राजनीति हो रही है, जिसे हम बर्दाश्त नहीं करने वाले और तृणमूल इसका जवाब देगी।' 

chat bot
आपका साथी