बंगाल में पंचायत चुनाव के लिए भाजपा की नई संचालन समिति में दिलीप घोष को जगह नहीं

बंगाल में पार्टी के भीतर मचे अंतर्कलह के बीच भाजपा की प्रदेश इकाई ने 2023 के राज्य पंचायत चुनाव के लिए अपनी नई संचालन समिति की घोषणा की है जिसमें पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और वर्तमान में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिलीप घोष को इससे बाहर रखा गया है।

By Sumita JaiswalEdited By: Publish:Fri, 01 Jul 2022 07:07 PM (IST) Updated:Fri, 01 Jul 2022 07:07 PM (IST)
बंगाल में पंचायत चुनाव के लिए भाजपा की नई संचालन समिति में दिलीप घोष को जगह नहीं
दिलीप के करीबी हुगली से भाजपा सांसद लाकेट चटर्जी को भी समिति में जगह नहीं

कोलकाता, राज्य ब्यूरो। बंगाल में पार्टी के भीतर मचे अंतर्कलह के बीच भाजपा की प्रदेश इकाई ने 2023 के राज्य पंचायत चुनाव के लिए अपनी नई संचालन समिति की घोषणा की है, जिसमें पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और वर्तमान में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिलीप घोष को इससे बाहर रखा गया है। इसके साथ ही इस समिति में हुगली से पार्टी सांसद लाकेट चटर्जी, (जिन्हें दिलीप घोष के करीबी विश्वासपात्र के रूप में जाना जाता है) को भी संचालन समिति में कोई स्थान नहीं दिया गया है। इधर, प्रदेश नेतृत्व के इस फैसले ने राज्य में कई राजनीतिक पर्यवेक्षकों को आश्चर्यचकित कर दिया है, क्योंकि इससे पहले 2018 में बंगाल में हुए पंचायत चुनाव में, तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष के रूप में घोष के नेतृत्व में भाजपा ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया था। नतीजतन, पहली बार वाममोर्चे की जगह भगवा दल खुद को बंगाल में प्रमुख विपक्षी दल के रूप में स्थापित किया। हालांकि, घोष और प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार सहित भाजपा के शीर्ष नेताओं ने संचालन समिति के गठन पर कोई टिप्पणी करने से इन्कार कर दिया है।

हालांकि, राज्य समिति के एक सदस्य ने नाम ना छापने की सख्त शर्त पर कहा कि राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिलीप घोष पर राष्ट्रीय स्तर की कई जिम्मेदारियों का बोझ है, इसलिए उन्हें पंचायत चुनाव से संबंधित जिम्मेदारियों से मुक्त कर दिया गया है। बता दें कि घोष व हुगली की सांसद लाकेट चटर्जी मौजूदा प्रदेश नेतृत्व से नाराज चल रहे हैं। नई समिति की बात करें तो उत्तर दिनाजपुर जिले के रायगंज से पार्टी सांसद देवश्री चौधरी को उक्त संचालन समिति का प्रभारी बनाया गया है। राज्य के दो अन्य लोकसभा सांसदों- नदिया जिले के राणाघाट से जगन्नाथ सरकार और बांकुरा जिले के विष्णुपुर से सौमित्र खां को समिति का सह-प्रभारी बनाया गया है। पार्टी के प्रदेश महासचिव और अलीपुरद्वार जिले के फलकता से विधायक दीपक बर्मन को समिति का संयोजक बनाया गया है। गौरतलब है कि बंगाल में पिछले साल विधानसभा चुनाव में उम्मीद के अनुरूप नतीजे नहीं आने के बाद से ही भाजपा के भीतर घमासान मचा हुआ है और कई नेता मौजूदा प्रदेश नेतृत्व से नाराज चल रहे हैं। दूसरी ओर, पता चला है कि हैदराबाद में होने वाली भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति की बैठक में बंगाल पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। दरअसल, पार्टी नेतृत्व 2024 के लोकसभा चुनाव के मद्देनजर यहां संगठन को फिर से मजबूत करने की जुगत में है। इससे पहले दो माह के भीतर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी बंगाल का दौरा कर यहां पार्टी नेताओं के साथ बैठक कर चुके हैं।

chat bot
आपका साथी