भाजपा नेता मनीष शुक्ला की हत्या के पीछे सांसद अर्जुन सिंह का हाथ : फिरहाद हकीम

आरोप-कहा-पुलिस मामले की जांच करके सच्चाई लाएगी सामने और इस साजिश का पर्दाफाश होगा। फिरहाद ने दावा किया कि मनीष शुक्ला ने उन्हें फोन करके कहा था कि भाजपा में उन्हें घुटन हो रही है और वह तृणमूल कांग्रेस में आना चाहते हैं।

By Vijay KumarEdited By: Publish:Mon, 05 Oct 2020 09:20 PM (IST) Updated:Mon, 05 Oct 2020 09:20 PM (IST)
भाजपा नेता मनीष शुक्ला की हत्या के पीछे सांसद अर्जुन सिंह का हाथ : फिरहाद हकीम
भाजपा सांसद अर्जुन सिंह ने फिरहाद हकीम पर निशाना साधते कहा-जो राजनीति हो रही है, वह उन्हें काफी महंगी पड़ेगी।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता : बंगाल के शहरी विकास मंत्री व कोलकाता नगर निगम के प्रशासक फिरहाद हकीम ने भाजपा नेता मनीष शुक्ला की हत्या के पीछे उन्हीं की पार्टी के सांसद अर्जुन सिंह का हाथ बताया है। फिरहाद ने यह भी दावा किया कि मनीष शुक्ला ने उन्हें फोन करके कहा था कि भाजपा में उन्हें घुटन हो रही है और वह तृणमूल कांग्रेस में आना चाहते हैं। 

सच्चाई सामने लाएगी पुलिस, इस साजिश का पर्दाफाश होगा

शहरी विकास मंत्री ने हत्याकांड को लेकर कहा-'अर्जुन सिंह अचानक कोलकाता क्यों आए? मनीष शुक्ला को सीआरपीएफ की सुरक्षा क्यों नहीं प्रदान की गई? उनके सुरक्षाकर्मी क्यों हटा लिए गए थे? हम भी चाहते हैं कि वारदात के पीछे की सच्चाई सामने आए। पुलिस मामले की जांच करके सच्चाई सामने लाएगी और इस साजिश का पर्दाफाश होगा क्योंकि यह उत्तर प्रदेश नहीं है। 

दंगा-फसाद और हत्या में नहीं हम गांधीवाद में विश्वास करते हैं

यहां फर्जी एनकाउंटर नहीं होते। हम गांधीवाद में विश्वास करते हैं। दंगा-फसाद और हत्या में यकीन नहीं करते। हम अहिंसा और लोकतंत्र के रास्ते पर चलते हैं। मनीष शुक्ला जैसे कम उम्र के व्यक्ति का इस तरह चले जाना दुखद है। एक मां की गोद उजड़ गई।

फिरहाद ने मटियाब्रुज से गुंडे भेजकर कराई हत्या : अर्जुन सिंह

दूसरी तरफ बैरकपुर से भाजपा सांसद अर्जुन सिंह ने फिरहाद हकीम पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने ही मटियाब्रुज इलाके से गुंडे भेजकर मनीष शुक्ला की हत्या कराई है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी बंगाल में हत्या की जो राजनीति कर रही है, वह उन्हें काफी महंगी पड़ेगी। अर्जुन सिंह ने आगे कहा कि फिरहाद हकीम राज्य के मंत्री हैं इसलिए बड़ी-बड़ी बातें कर रहे हैं ।बंगाल की जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी।

chat bot
आपका साथी