गंगासागरः हर डगर चली मोक्ष नगर, सुरक्षा चाक चौबंद

Gangasagar Mela. सब तीरथ बार-बार गंगासागर एक बार का नारा लगाते हुए देश के कोने-कोने से पुण्यार्थी गंगासागर पहुंच रहे हैं।

By Sachin MishraEdited By: Publish:Sun, 13 Jan 2019 11:43 AM (IST) Updated:Sun, 13 Jan 2019 11:43 AM (IST)
गंगासागरः हर डगर चली मोक्ष नगर, सुरक्षा चाक चौबंद
गंगासागरः हर डगर चली मोक्ष नगर, सुरक्षा चाक चौबंद

विशाल श्रेष्ठ, गंगासागर। आस्था के महापर्व मकर संक्रांति के निकट आते ही हर डगर मानो 'मोक्ष नगर' की तरह बढ़ चली है। 'सब तीरथ बार-बार, गंगासागर एक बार' का नारा लगाते हुए देश के कोने-कोने से पुण्यार्थी गंगासागर पहुंच रहे हैं। विदेशों से प्रवासी भारतीय भी गंगासागर आए हैं। सबके मन में बस यही कामना है कि पतित पावनी गंगा और सिंधु नरेश सागर के पवित्र मिलन स्थल पर पुण्य डुबकी लगाने के बाद कपिलमुनि के दर्शन-पूजन कर जीवन मरन के चक्र से मुक्ति पाना।

एक लाख 60 हजार से थोड़ी ज्यादा आबादी वाला और 224.3 किलोमीटर क्षेत्रफल पर फैला सागरद्वीप पुण्यार्थियों का गर्मजोशी से स्वागत कर रहा है। प्रयागराज में इस साल अ‌र्द्धकुंभ मेला पड़ने के कारण यहां भी उस तादाद में तीर्थयात्री नहीं पहुंचे हैं जितना हर बार देखा जाता है। लेकिन, श्रद्धा व आस्था में तनिक भी कमी देखने को नहीं मिल रही है। दूसरी ओर, मेला प्रबंधन की ओर से आठ से 10 लाख पुण्यार्थियों के पहुंचने का दावा किया जा रहा है। समूचा सागरद्वीप इस समय भक्ति में रमा हुआ है। कपिलमुनि मंदिर लेजर लाइट से जगमगा रहा है।

साधु-संन्यासी शरीर पर भभूत लगाए अपनी धुन में मस्त हैं। मंदिर से लेकर सागर तट तक धार्मिक जुलूस निकल रहे हैं। भजन-कीर्तन मंडलियां भक्ति गीतों से समस्त वातावरण को पावन कर रही हैं। मंदिर में दिनभर दर्शन-पूजन का सिलसिला चल रहा है। सागर तट भी विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान आयोजित हो रहे हैं। अभी से गोदान भी किया जाने लगा है। शनिवार शाम को गंगा आरती का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

सुरक्षा चाक चौबंद

मंदिर से लेकर सागरतट व आसपास के इलाकों में सुरक्षा के बेहद तगड़े इंतजाम किए गए हैं। जमीन पर सुरक्षाकर्मियों की चौकस निगाहें हैं तो आसमान पर ड्रोन निगहबान है। पुलिस का अत्याधुनिक कंट्रोल रूम भी शुरू हो गया है। सागर तट पर नौसेना व तटरक्षी बल के जवान भी मुस्तैद हैं जो पानी में उतरने वालों पर कड़ी नजर रख रहे हैं। वाचटावर से भी निगरानी रखी जा रही है। बड़ी संख्या में वालिंटियरों की भी तैनाती की गई है।

chat bot
आपका साथी