मानसिक तौर पर बीमार महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म कांड की घटना में टैक्सी चालक गिरफ्तार

पंचशायर थाना क्षेत्र के एक होम से भागी मानसिक तौर पर बीमार महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना में पुलिस ने टैक्सी चालक को गिरफ्तार किया है।

By Preeti jhaEdited By: Publish:Mon, 18 Nov 2019 03:15 PM (IST) Updated:Mon, 18 Nov 2019 03:15 PM (IST)
मानसिक तौर पर बीमार महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म कांड की घटना में टैक्सी चालक गिरफ्तार
मानसिक तौर पर बीमार महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म कांड की घटना में टैक्सी चालक गिरफ्तार

कोलकाता, जागरण संवाददाता। कोलकाता के पंचशायर थाना क्षेत्र के एक होम से भागी मानसिक तौर पर बीमार महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना में पुलिस ने टैक्सी चालक को गिरफ्तार किया है। जबकि उसका साथी अभी फरार है। पुलिस ने होम मालिक के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया है। उधर, अदालत में पीड़िता द्वारा दिए जाने वाले बयान पर ही पूरा मामला टिका हुआ है।

गौरतलब है कि बीते 11 नवंबर की रात होम से भागी करीब 35 वर्षीय महिला को ईएम बाइपास से उठाकर सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया था। इसके बाद पीड़िता को दक्षिण 24 परगना के सोनारपुर रेलवे स्टेशन के पास फेंककर आरोपित फरार हो गए थे।

स्थानीय लोगों की मदद से लोकल ट्रेन से बालीगंज स्टेशन पहुंचने के बाद पीड़िता ने गरियाहाट स्थित अपनी मौसी के घर पहुंचकर घटना की जानकारी दी थी। पीड़ित महिला ने टैक्सी में दो लोगों द्वारा दुष्कर्म किए जाने का बयान पुलिस को दिया था। मामले के तूल पकड़ने पर राष्ट्रीय महिला आयोग के प्रतिनिधिमंडल ने भी होम का मुआयना कर पीड़िता से बातचीत की थी।

घटना को लेकर पुलिस की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए थे। सड़क पर लगे करीब 100 सीसीटीवी फुटेज की जांच करने के बाद पुलिस ने टैक्सी की शिनाख्त कर ली थी। सूत्रों के अनुसार बीते शनिवार रात पुलिस ने दक्षिण 24 परगना जिले के नरेंद्रपुर इलाके में छापेमारी कर एक आरोपित को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपित ने अपना नाम उत्तम राम बताया। पेशे से वह टैक्सी चालक बताया गया है। पुलिस का दावा है कि आरोपित ने अपने साथी से मिलकर पीड़िता के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया था।

हालांकि आरोपित ने दुष्कर्म के आरोप से इन्कार किया है। उसने बताया कि इएम बाइपास मोड़ पर एक टैक्सी से महिला उतरी थी। पीछे से उसकी टैक्सी आकर रुकी तो महिला उसमें सवार होकर होम पहुंचाने को कहा था। काफी घूमने के बाद भी महिला जब होम का पता नहीं बता पाई थी। उसके पास जब रुपये नहीं होने की जानकारी मिली तो वह उसे सड़क पर ही धकेल गया था। उस वक्त टैक्सी में वह अकेला था।

पुलिस के अनुसार आगामी 19 नवंबर को अदालत में पीड़िता के कलमबंद बयान दर्ज होने है। उसके बयान पर ही पूरा मामला टिका हुआ है। टैक्सी चालक से उसके साथी के बाबत पूछताछ की जा रही है। उधर, पुलिस ने होम के मालिक के खिलाफ भी मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

chat bot
आपका साथी