भाजपा का बंगाल में 25 लोस सीटें जीतने का लक्ष्य

भाजपा ने 2019 के लोकसभा चुनाव में बंगाल में कम से कम 25 सीटें जीतकर 2021 के विधानसभा चुनाव में सूबे की सत्ता पर आसीन होने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 15 Sep 2018 01:02 AM (IST) Updated:Sat, 15 Sep 2018 01:02 AM (IST)
भाजपा का बंगाल में 25 लोस सीटें जीतने का लक्ष्य
भाजपा का बंगाल में 25 लोस सीटें जीतने का लक्ष्य

-लोकसभा को सेमीफाइनल व विधानसभा चुनाव को फाइनल के रूप में देख रही पार्टी

-प्रथम दिन कार्यकारिणी बैठक में रणनीतियों पर हुई चर्चा

...........

जागरण संवाददाता, कोलकाता : भाजपा ने 2019 के लोकसभा चुनाव में बंगाल में कम से कम 25 सीटें जीतकर 2021 के विधानसभा चुनाव में सूबे की सत्ता पर आसीन होने का लक्ष्य निर्धारित किया है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने शुक्रवार को पार्टी की दो दिवसीय कार्यकारिणी बैठक के प्रथम दिन कहा कि भाजपा राज्य में वाममोर्चा और काग्रेस से आगे निकलकर मुख्य विपक्षी दल के रूप में उभरी है। राज्य में ममता बनर्जी की सरकार की जन विरोधी नीतियों से लोग नाराज हैं और वे विकल्प तलाश रहे हैं, जो हम प्रदान करेंगे'। बैठक में आम चुनावों में राजनीतिक विरोधियों से लड़ने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। पार्टी सूत्रों के अनुसार बैठक में जमीनी स्तर से लेकर विभिन्न स्तरों पर पार्टी की संगठनात्मक ताकत का आकलन किया गया और इसे मजबूती प्रदान करने पर जोर दिया गया। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी के लिए बंगाल में 2019 का लोकसभा चुनाव सेमीफाइनल होगा। लक्ष्य राज्य की 42 लोस सीटों में से 25 पर जीत हासिल करना है। राज्य में 2021 का विधानसभा चुनाव भाजपा के लिए फाइनल होगा। ममता सरकार को हराकर सत्ता पर कब्जा करना होगा। उन्होंने आगे कहा कि राज्य की राजनीति में भाजपा के उभरने से चिंतित सत्तारूढ़ तृणमूल संभवत: काग्रेस से हाथ मिलाकर लड़ने की कोशिश करेगी लेकिन इससे उसे कोई फायदा नहीं होगा। प्रथम दिन भाजपा की कार्यकारिणी की बैठक माहेश्वरी भवन में आयोजित हुई। इसमें जिलाध्यक्ष, पर्यवेक्षक एवं शाखा संगठन के नेता शामिल हुए। दूसरे दिन की बैठक साल्टलेक स्थित ईजेडसीसी में आयोजित होगी। इसमें प्रदेश के साथ ही केंद्रीय नेता भी शामिल होंगे।

chat bot
आपका साथी