ममता रास्ता छोड़ें, भाजपा बंगाल में देगी सुशासन : अमित शाह

By Edited By: Publish:Mon, 08 Sep 2014 05:12 AM (IST) Updated:Mon, 08 Sep 2014 01:41 AM (IST)
ममता रास्ता छोड़ें, भाजपा बंगाल में देगी सुशासन : अमित शाह

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को चुनौती देते हुए कहा कि वह राज्य को नहीं चला पा रही हैं तो रास्ता छोड़ दें, भाजपा बंगाल में सुशासन देगी। अगर दीदी जगह नहीं छोड़ती है तो राज्य की जनता उन्हें 2016 में हटा देगी। साह ने रविवार को बहूबाजार में विधानसभा उप चुनाव में चौरंगी से पार्टी उम्मीदवार रितेश तिवारी के समर्थन में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुए यह बातें कही।

उन्होंने कहा कि माकपा ने 30 वषरें से अधिक समय के शासन में बंगाल को नुकसान पहुंचाया। बंगाल की जनता ने सिंगुर और नंदीग्राम में किसानों की जमीन के लिए परिवर्तन के नाम पर ममता बनर्जी को जिताया लेकिन सही मायने में यहां कोई परिवर्तन नहीं हुआ। माकपा और तृणमूल कांग्रेस मौसेरी बहनें है। एक की जगह दूसरी चली आयी लेकिन राज्य की जनता की स्थिति में कोई बदलाव नहीं आया। गुंडागर्दी, बेरोजगारी और उद्योगों के उजड़ने में कोई कमी नहीं आई। दीदी राजनीति करने में व्यस्त रहीं। उन्हें राज्यवासियों की नहीं बल्कि बांग्लादेशी घुसपैठिये की चिंता है। ममता के तीन वषरें के शासन में बांग्लादेशी घुसपैठिये की संख्या में पांच गुणा वृद्धि हुई है।

शाह ने कहा कि सिंगुर और नंदीग्राम में 2 हजार लोगों की जमीन के लिए ममता ने अनशन किया था लेकिन सारधा घोटाला में राज्य के 17 लाख लोगों का पैसा डूबा है। 17 लाख लोगों के पैसा के लिए ममता सड़क पर नहीं उतरी। इसलिए कि घोटाले में उन्हीं के चेले चपाटे लिप्त हैं। घोटाले में जो दोषी हैं सभी जेल में डाले जाएंगे।

शाह ने ममता सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को सबके साथ समान समान व्यवहार करना चाहिए तभी जाकर बंगाल जैसे सीमावर्ती राज्य में शांति आ सकती है। निर्दोष लोगों पर तृणमूल कांग्रेस के लोग जो हमले कर रहे हैं वह तुरंत बंद होना चाहिए।

भाजपा अध्यक्ष ने लोकसभा चुनाव में दो सीटें जिताने के लिए राज्य की जनता के प्रति आभार व्यक्त किया और विधानसभा उप चुनाव में भाजपा उम्मीदवारों को जिताने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि अगले साल कलकत्ता कार्पोरेशन का चुनाव तथा 2016 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत होगी। साह ने बंगाल की जनता से एक बार भाजपा को मौका देने की अपील की।

शाह ने केंद्र में नरेंद्र मोदी सरकार के 100 दिनों की उपलब्धियां गिनायी। उन्होंने कहा कि देश का औद्योगिक विकास, कृषि विकास तथा गंगा को स्वच्छ व निर्मल बनाने सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं शुरू की गयी है। महंगाई पर नियंत्रण के प्रयास किए गए हैं। 100 दिनों में ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की जनता का भरोसा जीता है। प्रधानमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में सार्क देशों के प्रमुखों को आमंत्रित कर साफ कर दिया गया कि भारत पड़ोसी देशों के साथ चलना चाहता है। भारत की पहल पर पाकिस्तान के साथ सचिव स्तर की वार्ता शुरू हुई। लेकिन पाकिस्तान ने जब अलगाववादियों से बातचीत शुरू की तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्पष्ट कह दिया कि दोनों एक साथ नहीं चल सकता। मोदी ने दो टूक शब्दों में कहा दिया कि या तो पाकिस्तान अलगावदियों के साथ ही बातचीत करे या सरकार से करे। लंबे समय के बाद देश में इस तरह की मजबूत विदेश नीति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनायी। प्रधानमंत्री ने स्पष्ट कर दिया कि देश की सुरक्षा से बड़ा कुछ नहीं है। भारत सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं कर सकता है।

chat bot
आपका साथी