भारी बारिश ने फिर किया हलकान, जनजीवन अस्त-व्यस्त

-शहर व आसपास में जगह-जगह जलजमाव से लोगों का बुरा हाल -अगले दो-चार दिन और राहत मिलने की संभाव

By JagranEdited By: Publish:Sat, 26 Sep 2020 08:38 PM (IST) Updated:Sat, 26 Sep 2020 08:38 PM (IST)
भारी बारिश ने फिर किया हलकान, जनजीवन अस्त-व्यस्त
भारी बारिश ने फिर किया हलकान, जनजीवन अस्त-व्यस्त

-शहर व आसपास में जगह-जगह जलजमाव से लोगों का बुरा हाल

-अगले दो-चार दिन और राहत मिलने की संभावना नहीं जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी : शहर व आसपास में गत शुक्रवार रात भर और शनिवार दिन भर हुई भारी बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त करके रख दिया। इधर, मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार अगले दो-चार दिन और इस बारिश से राहत मिलने की संभावना नहीं है। इस दिन बारिश के चलते महानंदा, पंचनेई, बालासन, फूलेश्वरी, जोरापानी व अन्य तमाम नदियों का जलस्तर उफान पर आ गया। इसके चलते शहर व आसपास जगह-जगह भारी जलजमाव हो गया है। इसे लेकर आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त होकर रह गया है। महानंदा नदी किनारे के सिलीगुड़ी नगर निगम के वार्ड नंबर एक, दो, तीन, चार, पाच, 31, 32, 42 व 46 के अलावा और भी कई वार्डो के निचले इलाकों में सैकड़ों घरों में पानी घुस जाने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं, आसपास के ग्रामीण इलाकों का तो और भी बुरा हाल हो गया है। माटीगाड़ा, नक्सलबाड़ी, खोरीबाड़ी व फासीदावा आदि प्रखंड के विभिन्न गावों में काफी जलजमाव उत्पन्न हो गया है।सिलीगुड़ी महकमा के शहरी व ग्रामीण दोनों ही क्षेत्रों में जगह-जगह जल जमाव से आम लोगों में खासा रोष है। प्रभावित इलाकों के लोगों का कहना है कि यह तो खैर बहुत भारी बारिश थी लेकिन हल्की फुल्की बारिश से भी इलाके में जल जमाव की समस्या उत्पन्न हो जाती है। इस बाबत जनप्रतिनिधियों से बार-बार आग्रह के बावजूद समस्या का कोई समाधान नहीं हो रहा है। इसके विरुद्ध लोगों ने आदोलन की चेतावनी दी है।

इस बारे में सिलीगुड़ी नगर निगम की प्रशासनिक समिति के चेयरमैन अशोक भट्टाचार्य का कहना है कि इस बार बारिश हद से ज्यादा हो रही है। उसी के चलते कहीं कहीं जलजमाव की समस्या उत्पन्न हुई है। नगर निगम की ओर से सभी नालों को पहले से ही साफ सुथरा रखा गया है ताकि कहीं कोई जलजमाव न हो। इसके बावजूद जलजमाव की समस्या इसलिए हो रही है कि बारिश इस बार हद से ज्यादा हो रही है। इसके साथ ही शहर में नालों का अभाव भी है। हमने बार-बार राज्य सरकार से गुहार लगाई। मगर, हमें कोई आíथक सहायता नहीं मिल पा रही है कि इस दिशा में कोई ठोस कार्य किया जा सके। शहर के नालों को और विस्तृत व विकसित कर जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाना अत्यंत आवश्यक है।

इस बारे में नगर निगम के विपक्ष के नेता रंजन सरकार ने कहा कि नगर निगम अपनी नाकामी छुपाने के लिए राज्य सरकार पर झूठा आरोप मढ़ रहा है। राज्य सरकार ने पर्याप्त राशि दी है लेकिन नगर निगम उसे खर्च नहीं कर पाया है। नगर निगम हर मोर्चे पर फेल है। यहा तक कि वह लोगों को बुनियादी नागरिक परिसेवाएं मुहैया कराने तक में भी पूरी तरह नाकाम है। आम जनता इसका जवाब देगी।

chat bot
आपका साथी