मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा- भाजपा सरकार का सिर्फ राजनीतिक एजेंडा

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रविवार को कहा कि भाजपा नेतृत्व वाली केंद्र सरकार का एजेंडा आर्थिक विकास से हटकर केवल राजनीति तक सिमट गया है।

By Preeti jhaEdited By: Publish:Mon, 12 Aug 2019 03:23 PM (IST) Updated:Mon, 12 Aug 2019 03:23 PM (IST)
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा- भाजपा सरकार का सिर्फ राजनीतिक एजेंडा
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा- भाजपा सरकार का सिर्फ राजनीतिक एजेंडा

कोलकाता, जासं। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रविवार को कहा कि भाजपा नेतृत्व वाली केंद्र सरकार का एजेंडा आर्थिक विकास से हटकर केवल राजनीति तक सिमट गया है। केंद्र सरकार कई पीएसयू का निजीकरण कर रही है जो कि देश हित में नहीं है। इससे बेरोजगारी बढ़ेगी।

फेसबुक पोस्ट पर मुख्यमंत्री ने राज्य के आर्थिक विकास दर का बखान करते हुए देश की गिरती जीडीपी का हवाला दिया और लिखा है, ‘जून 2019 में समाप्त की अंतिम तिमाही में नई परियोजनाओं में निवेश 15 साल के सबसे निचले स्तर पर चला गया। जून 2019 में घोषित नई परियोजनाएं मार्च 2019 तिमाही में घोषित परियोजनाओं की तुलना में 81 फीसद कम है और एक साल पहले इसी अवधि की तुलना में 87 फीसद कम है।’

आगे लिखा है कि ‘हर कोई यह देख सकता है कि देश अभी कहां है, इस बारे में सही स्थिति से अवगत होना चाहिए। सरकार का एजेंडा केवल राजनीति तक सिमट गया है।’ सीएम ने ऑर्डिनेंस फैक्टरी बोर्ड, बीएसएनएल और भारतीय रेलवे सहित कई पीएसयू का निगमीकरण करने के लिए भी केंद्र सरकार के कदम की आलोचना की। ऑटोमोबाइल और चमड़ा सेक्टर में हाल में नौकरी जाने को दुखद बताया। रोजगार के ज्यादा अवसर सृजित करने के एजेंडे के साथ सरकार सत्ता में आई थी। अब रोजगार वाले भी नौकरी गंवा रहे हैं।

पूजा समितियों को आयकर नोटिस जारी, ममता का केंद्र पर निशाना

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दुर्गा पूजा समितियों को आयकर नोटिस जारी करने पर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। कहा है कि त्योहारों को कर के दायरे से बाहर रखना चाहिए। ममता ने कहा कि इस कदम के खिलाफ पार्टी की बंग जननी वाहिनी 13 अगस्त को केंद्र सरकार के खिलाफ महानगर में प्रदर्शन करेगी।

ममता ने ट्विटर पर लिखा, ‘आयकर विभाग ने दुर्गा पूजा आयोजन करने वाली कई समितियों को नोटिस जारी कर कर चुकाने को कहा है। हमें सभी राष्ट्रीय त्योहारों पर गर्व है। ये त्योहार सबके लिए हैं। हम नहीं चाहते कि किसी भी पूजा महोत्सव पर कर लगना चाहिए।’ वहीं, गंगा सागर मेले का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने उस पर से कर हटा दिया है।

अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप

chat bot
आपका साथी