Bengal Chunav: उत्तर बंगाल में जनसभा के बाद दक्षिण बंगाल में रोड शो कर शाह ने बनाया माहौल

चाय श्रमिकों के साथ होता रहा अन्याय गाेरखाओं पर किए गए अत्याचार भाजपा की सरकार बनने पर उत्तर बंगाल में एम्स और केंद्रीय विश्वविद्यालय खोलने का वादा अलीपुरद्वार में भाजपा उम्मीदवारों के समर्थन में सभा करते हुए गृहमंत्री अमित शाह ने ममता सरकार पर जमकर हमला बोला।

By Priti JhaEdited By: Publish:Fri, 02 Apr 2021 03:21 PM (IST) Updated:Fri, 02 Apr 2021 09:33 PM (IST)
Bengal Chunav: उत्तर बंगाल में जनसभा के बाद दक्षिण बंगाल में रोड शो कर शाह ने बनाया माहौल
अलीपुरद्वार जिले के हासीमारा स्थित सुभाषनी मैदान में भाजपा उम्मीदवारों के समर्थन में सभा करते हुए गृहमंत्री अमित शाह ने

सिलीगुड़ी, जागरण संवाददाता। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को राज्य के दौरे के दौरान उत्तर बंगाल में दो चुनावी जनसभाओं के बाद दक्षिण बंगाल में दो रोड शो किया और इसके जरिए उन्होंने तीसरे चरण के चुनाव के लिए माहौल बनाने की कोशिश की। शाह ने पहले दक्षिण 24 परगना जिले के बारूईपुर में रोड शो किया। इसके बाद हुगली जिले के आरामबाग में शाम में उन्होंने रोड शो किया।

तीसरे चरण में छह अप्रैल को तीन जिलों की 31 सीटों पर चुनाव होने हैं जिसमें दक्षिण 24 परगना की 16 एवं हुगली की आठ सीटें शामिल हैं। रोड शो के जरिए शाह ने यहां कार्यकर्ताओं में जोश भरने के साथ इन दोनों जिलों के मतदाताओं को साधने की कोशिश की। 

चिंता मत कीजिए, इसबार दीदी का एक भी गुंडा नहीं आएगा...

आरामबाग में रोड के बाद यहां लोगों को संबोधित करते हुए शाह ने कहा- दीदी के गुंडे आपको हर बार सताते हैं, लेकिन मैं आपको कहता हूं इसबार एक भी गुंडा नहीं आएगा। चिंता मत कीजिए। दीदी के गुंडे नंदीग्राम में कुछ नहीं कर पाए तो आरामबाग में क्या करेंगे? बेरोकटोक, डर के बगैर भाजपा की सरकार बनाइए, बंगाल की सभी समस्याओं का समाधान यहां मोदी जी के नेतृत्व में होगा। 

तृणमूल की सरकार चाय श्रमिकों के साथ अन्याय कर रही

अलीपुरद्वार जिले के हासीमारा स्थित सुभाषनी मैदान में भाजपा उम्मीदवारों के समर्थन में सभा करते हुए गृहमंत्री अमित शाह ने ममता सरकार पर जमकर हमला बोला।  पहले कांग्रेस, फिर वाममोर्चा और अब तृणमूल की सरकार चाय श्रमिकों के साथ अन्याय कर रही है। गोरखाओं के साथ भी अत्याचार किया गया। लेकिन इस बार दीदी का जाना तय है। गृहमंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को कहा कि उत्तर बंगाल के लोगों को उनके अधिकारो से वंचित किया गया है। लेकिन भाजपा मोदी जी के नेतृत्व में यहां के सभी समस्याओं का समाधान होगा। दो चरण के चुनाव में भाजपा पहले ही 60 में से 50 से ज्यादा सीटें जीत चुकी है। अब उत्तर बंगाल के सभी 50 सीटों पर भी भाजपा की विजय होगी।

अमित शाह ने कहा कि भाजपाई दीदी के खेला होबे से नहीं डरती। सभी खेल से भाजपा कार्यकर्ता टक्कर लेने को तैयार हैं। भाजपा ने ही आदिवासियों के जमीन और जंगल की रक्षा की। अलग से मंत्रालय बनाए गए। अगर भाजपा की सरकार आई तो चाय श्रमिकों के लिए मजदूरी 350 रुपये की जाएगी। उत्तर बंगाल में एम्स बनाए जाएंगे। चाय के औषधीय गुणों के अनुसंधान के लिए अलग से पार्क बनाए जाएंगे। चाय श्रमिकों को पट्टा दिया जाएगा। असंगठित श्रमिकों के लिए एक बोर्ड बनाकर जरूरी सुविधाएं दी जाएगी। साथ ही गोरखाओं के 11 उपजातियों को आदिवासी का स्टेटस दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर उत्तर बंगाल में एक केंद्रीय विश्वविद्यालय, मेडिकल कॉलेज बनाई जाएगी। इसके अलावा नारायणी सेना का बटालियन बनाएंगे। यहां राजवंशी और गोरखा भाइयों को राेजगार मिलेगा। साथ ही पहाड़ का स्थाई राजनीति समाधान किया जाएगा। नेपाली और राजवंशी को राज्य में सह भाषा की मान्यता दी जाएगी। सरकार बनते ही सरकारी कर्मचारियों को सांतवां वेतन आयोग दिया जाएगा। राज्य में मोदी सरकार के हाथ को मजबूत करने वाली सरकार की जरूरत है। 

chat bot
आपका साथी