डोडीताल-दयारा से एकत्र किया साढ़े आठ कुंतल कूड़ा

युवा कल्याण एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार और इंडियन माउंटेनियरिग फाउंडेशन नई दिल्ली की ओर से संयुक्त रूप से स्वच्छ भारत अभियान चलाया गया।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 17 Jan 2021 09:52 PM (IST) Updated:Sun, 17 Jan 2021 09:52 PM (IST)
डोडीताल-दयारा से एकत्र किया साढ़े आठ कुंतल कूड़ा
डोडीताल-दयारा से एकत्र किया साढ़े आठ कुंतल कूड़ा

जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी: युवा कल्याण एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार और इंडियन माउंटेनियरिग फाउंडेशन नई दिल्ली की ओर से संयुक्त रूप से स्वच्छ भारत अभियान चलाया गया। यह अभियान दयारा बुग्याल के बेस कैंप गांव बार्सू से रैथल, गोई, बरनाला और असीगंगा घाटी के अगोड़ा, बेवरा, मांझी, डोडीताल तक चलाया गया। इस दौरान 165 बोरियों में करीब साढ़े आठ कुंतल अजैविक कूड़ा एकत्र किया गया। साथ ही आसपास के गांवों में स्वच्छता अभियान भी चलाया गया। रविवार को अभियान दल ने एकत्र कूड़ा नगर पालिका को सौंपा। साथ ही पालिका अध्यक्ष रमेश सेमवाल ने अभियान का समापन किया।

प्रसिद्ध पर्वतारोही और इंडियन माउंटेनियरिग फाउंडेशन नई दिल्ली के लाइफटाइम सदस्य दिगंबर सिंह पंवार के नेतृत्व में ट्रेकिंग रूट पर सफाई अभियान आठ जनवरी को शुरू किया गया था। 20 सदस्यों की टीम ने पहले बार्सू गांव, बार्सू ताल, दयारा मार्ग और बरनाला ताल तक सफाई की। इसके बाद टीम ने रैथल, गोई में स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान प्लास्टिक, प्लास्टिक की बोतल, कांच की बोतल, टीन आदि एकत्र किया गया। रैथल के बाद यह टीम अगोड़ा होते हुए डोडीताल पहुंची। यहां से भी कूड़ा एकत्र किया गया। इस अवसर पर टीम लीडर दिगंबर सिंह पंवार ने बताया कि स्वच्छता अभियान के साथ अभियान दल ने गांव में स्वच्छता जागरूकता अभियान भी चलाया। समापन अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष रमेश सेमवाल ने कहा कि उच्च हिमालयी क्षेत्र में अजैविक कूड़ा पर्यावरण, गंगा, ग्लेशियर के लिए खतरनाक है। इसलिए विभिन्न संगठनों को इस तरह के अभियान चलाने की जरूरत है। साथ ही ग्रामीणों और पर्यटकों को भी जागरूक होने की जरूरत है। इस मौके पर दल के सदस्य यशवंत सिंह पंवार, सार्थक कुडियाल, रेखा अग्निहोत्री, नौमी रावत, जयदेव पंवार, रोशनलाल, प्रलाद रावत, अजयविश्वकर्मा डॉ. देवराज सिंह आदि मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी