पर्यटकों से गुलजार हुई पर्यटन नगरी धनोल्टी

संवाद सहयोगी नई टिहरी चारधाम यात्रा शुरू होने के साथ ही जिले के प्रसिद्ध पर्यटक स्थल धनोल्ट

By JagranEdited By: Publish:Wed, 15 May 2019 03:00 AM (IST) Updated:Wed, 15 May 2019 06:36 AM (IST)
पर्यटकों से गुलजार हुई पर्यटन नगरी धनोल्टी
पर्यटकों से गुलजार हुई पर्यटन नगरी धनोल्टी

संवाद सहयोगी, नई टिहरी: चारधाम यात्रा शुरू होने के साथ ही जिले के प्रसिद्ध पर्यटक स्थल धनोल्टी व कैंपटीफॉल में पर्यटकों की संख्या बढ़ने लगी है, जिस कारण इन स्थलों पर रौनक कायम है। पर्यटक धनोल्टी की ठंडी वादियों व कैंपटी जल प्रपात का आनंद उठा रहे हैं। पर्यटकों के बढ़ने से व्यवसायियों के चेहरे भी खिले हैं। दिल्ली, मुंबई, हरियाणा, महाराष्ट्र समेत अन्य प्रांतों से पर्यटक यहां पहुंच रहे हैं।

घने देवदार के पेड़ों के बीच स्थित धनोल्टी आजकल पर्यटकों की भीड़ से गुलजार है। देश के विभिन्न क्षेत्रों से यहां पर बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं। मैदानी क्षेत्रों में जहां गर्मी की तपिश से लोग परेशान हैं, वहीं धनोल्टी की ठंडी वादियां पर्यटकों को खूब भा रही है। धनोल्टी व कैंपटीफॉल में हर रोज सात सौ से अधिक पर्यटक पहुंच रहे हैं। पर्यटक स्थल धनोल्टी में वैसे तो सालभर में पर्यटक पहुंचते रहते हैं, लेकिन गर्मियों में तो यहां पर पर्यटकों का तांता लग जाता है। कई बार तो लोगों को यहां पर ठहरने के लिए होटल सुविधा नही मिल पाती है। गर्मियों में यहां पर काफी पहले से ही होटल बुक हो जाते हैं। यहां मौजूद हट्स जहां पर्यटकों की पहली पसंद है, वहीं जंगलों के बीच बने पैदल ट्रैक का भी वह आनंद ले रहे हैं। गर्मियों में कैंपटीफॉल का लुत्फ उठाने के लिए पर्यटकों को अपनी बारी का इंतजार करना पड़ता है। व्यापारी भगवान सिंह का कहना है कि पिछले एक सप्ताह से यहां पर पर्यटकों की भीड़ पहले से काफी बढ़ी है। वैली ब्रिज व रॉक क्लाइमिग है पसंद: बाहर से आने वाले पर्यटकों के लिए यहां पर बने जिप लाइन, वैली ब्रिज व रॉक क्लाइमिग आकर्षण का केंद्र हैं। स्थानीय युवा यहां पर रस्सियों से वैली ब्रिज व जिप लाइन आदि बनाए हैं। पेड़ों से बांधकर रस्सियों का बैली ब्रिज तैयार किया गया है, जिसका पर्यटक जमकर इनका आनंद ले रहे हैं। वैली ब्रिज पर्यटकों में रोमांच पैदा करता है।

-----------

जाम की बनी रहती है समस्या:

धनोल्टी में बड़ी संख्या में पर्यटकों की आवाजाही के कारण धनोल्टी में जाम की समस्या बनी रहती है। यहां पर लोगों को वाहन खड़े करने के लिए जगह नहीं मिलती है, जिस कारण सड़क किनारे दूर तक वाहनों की लंबी कतार लगी रहती है। वाहनों की बढ़ती संख्या के चलते यहां पर जाम की समस्या बनी रहती है। यहां पर अभी तक पार्क की भी सुविधा नहीं है।

chat bot
आपका साथी