पिथौरागढ़ के दिल्ली बैंड के पास बंद हाईवे सहित दो मार्ग खुले, दो मार्ग अभी भी बंद

दो दिन तक बारिश और भारी हिमपात के बाद शनिवार अपराह्न मौसम साफ हो गया। शुक्रवार को बंद पिथौरागढ़ चम्पावत राष्ट्रीय राजमार्ग शनिवार देर सायं खोल दिया गया।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 14 Dec 2019 11:06 PM (IST) Updated:Sun, 15 Dec 2019 06:15 AM (IST)
पिथौरागढ़ के दिल्ली बैंड के पास बंद हाईवे सहित दो मार्ग खुले, दो मार्ग अभी भी बंद
पिथौरागढ़ के दिल्ली बैंड के पास बंद हाईवे सहित दो मार्ग खुले, दो मार्ग अभी भी बंद

जेएनएन, पिथौरागढ़/मुनस्यारी/धारचूला : दो दिन तक बारिश और भारी हिमपात के बाद शनिवार अपराह्न मौसम साफ हो गया। धूप खिलते ही बर्फ पिघलने से चल रही ठंडी हवाओं से पूरा जिला ठिठुरता रहा। पिथौरागढ़ का न्यूनतम पारा 1.9 डिग्री तो मुनस्यारी का माइनस दो डिग्री रहा। इस बीच दिल्ली बैंड पर दूसरे दिन देर शाम हाईवे पर यातायात बहाल होने से लोगों ने राहत महसूस की। कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग भी बड़ी मशक्कत के बाद खोला जा सका। वहीं, भारी बर्फबारी से थल-मुनस्यारी, सोबला-दारमा और तवाघाट नारायण आश्रम मार्ग बंद रहे।

शुक्रवार रात पिथौरागढ़ नगर के चंडाक, मोस्टामानू, सौड़लेख, ध्वज, थलकेदार में भारी बर्फबारी हुई। थल-मुनस्यारी मार्ग पर मुनस्यारी से 38 किमी दूर बिर्थी झरने से लेकर मुनस्यारी तक बर्फ जमी है। जेसीबी लगाकर बर्फ हटा कर मार्ग खोलने का प्रयास किया गया।

-----------------

नामिक गांव से संपर्क कटा

मुनस्यारी में भारी हिमपात से जनजीवन प्रभावित हुआ है। मुनस्यारी के नामिक गांव से संपर्क ही कट गया है। सड़क मार्ग से 27 किमी दूर स्थित गांव के पैदल मार्ग बर्फ से पट गए हैं। -----------------------

33 घंटे बाद मिली राहत

दिल्ली बैंड के पास बंद मार्ग यातायात के लिए खुल गया है। शनिवार शाम मार्ग खुलने से पिथौरागढ़ जनपदवासियों को रविवार से राहत मिलेगी। शुक्रवार सुबह ऑलवेदर सड़क निर्माण के दौरान घाट के निकट दिल्ली बैंड के पास चट्टान टूट गई। इससे मार्ग बंद हो गया। विशाल बोल्डर की चपेट में आने से मार्ग ध्वस्त हो गया। इसी के साथ पिथौरागढ़ जिले का अन्य जनपदों सहित मैदानी क्षेत्रों से संपर्क कट गया। हल्द्वानी, अल्मोड़ा, टनकपुर के लिए वाहनों का संचालन वाया थल, बेरीनाग, सेराघाट और गंगोलीहाट, पनार हो रहा था। शनिवार शाम सवा छह बजे दिल्ली बैंड के पास मार्ग खुल गया।

एनएच के अधिकारियों ने बताया कि शनिवार से छोटे और बड़े वाहनों की आवाजाही होगी। रविवार से वाहनों का संचालन वाया घाट होते होगा।

वहीं, धारचूला में शुक्रवार दोपहर तवाघाट-नजंग मार्ग पर वर्तीगाड़ के पास चट्टानों के खिसकने से मार्ग बंद हो गया था। शनिवार शाम बीआरओ ने यह मार्ग भी खोल दिया। जिले में बंद दो मार्ग खुलने के बाद अब थल-मुनस्यारी, सोबला- दारमा मार्ग को खोलने की तैयारी है।

======== बनने लगे ग्लेशियर

उच्च हिमालय में भारी हिमपात से ग्लेशियर बनने लगे हैं। दारमा, व्यास और मिलम क्षेत्र में कई नालों में ग्लेशियर आए हैं। ऐसे में ठंड और बढ़ने की आशंका है। ------------- दिल्ली बैंड पर तेजी से काम कराया गया। थल-मुनस्यारी मार्ग खोलने का भी प्रयास किया जा रहा है। लोनिवि को अतिरिक्त मशीन और मजदूर लगाकर शीघ्र मार्ग खोलने का निर्देश दिया गया है।

-डॉ. वीके जोगदंडे, जिलाधिकारी, पिथौरागढ़

chat bot
आपका साथी