14 घंटे बाद खुला थल-मुनस्यारी मार्ग, धूप खिलने के बाद ठंड से मिली राहत

पिथौरागढ़ के उच्च हिमालय सहित उच्च मध्य हिमालय में शुक्रवार को बारिश ओलावृष्टि के बाद शनिवार को धूप खिली।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 08 Feb 2020 10:55 PM (IST) Updated:Sun, 09 Feb 2020 06:18 AM (IST)
14 घंटे बाद खुला थल-मुनस्यारी मार्ग, धूप खिलने के बाद ठंड से मिली राहत
14 घंटे बाद खुला थल-मुनस्यारी मार्ग, धूप खिलने के बाद ठंड से मिली राहत

पिथौरागढ़/ मुनस्यारी, जेएनएन: उच्च हिमालय सहित उच्च मध्य हिमालय में शुक्रवार को बारिश, ओलावृष्टि और हिमपात के बाद शनिवार को मौसम साफ रहा। दिन में चटक धूप खिलने के कारण लोगों को राहत मिली । शुक्रवार सांय से बंद थल मुनस्यारी मार्ग भी यातायात के लिए 14 घंटे बाद खुला। भारी हिमपात से शुक्रवार की रात को कालामुनि से बलाती तक दो ट्रक फंसे रहे। उधर धारचूला के चौदास घाटी में भी जनजीवन सामान्य रहा।

शुक्रवार की सायं को उच्च हिमालय सहित मुनस्यारी और धारचूला की चौदास घाटी में भारी हिमपात हुआ । सायं चार बजे से लेकर देर रात तक हिमपात होता रहा। मुनस्यारी नगर में पांच इंच तक हिमपात हुआ जबकि रातापानी से लेकर पातलथौड़ तक भारी हिमपात हुआ। भारी हिमपात से कालामुनि से लेकर बलाती तक दो ट्रक फंसे रहे। एक ट्रक कालामुनि और दूसरा ट्रक बलाती बैंड के पास फंसा रहा। शनिवार सुबह से मौसम साफ रहा। सुबह से ही चटक धूप खिलने के बाद लोनिवि द्वारा एक जेसीबी और एक स्नो कटर लगाए जाने के बाद मार्ग यातायात के लिए खुल गया। बाद में यातायात सुचारू रहा।

मार्ग खुलने और मौसम साफ रहने के कारण मुनस्यारी पहुंचे पर्यटकों ने बिटलीधार में बर्फ का आनंद उठाया। चारों तरफ बर्फ से ढके बिटलीधार में बर्फ के नजारे को देख कर पर्यटक खुश नजर आए। वहीं कालामुनि के पास पहाड़ से टपकने वाला जमा पानी पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा। उधर धारचूला में भी शुक्रवार की सायं से रात तक चौदास घाटी में जमकर बर्फबारी हुई। शनिवार को मौसम साफ रहने से जनजीवन सामान्य रहा।

chat bot
आपका साथी