गंगोलीहाट में पेयजल संकट गहराया, गुस्साए लोगों ने फूंका जलसंस्थान का पुतला

पिथौरागढ़ के गंगोलीहाट में पिछले नौ दिनों से पेयजल समस्या से जूझ रहे लोगों ने प्रदर्शन किया।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 04 Mar 2020 10:50 PM (IST) Updated:Thu, 05 Mar 2020 06:12 AM (IST)
गंगोलीहाट में पेयजल संकट गहराया, गुस्साए लोगों ने फूंका जलसंस्थान का पुतला
गंगोलीहाट में पेयजल संकट गहराया, गुस्साए लोगों ने फूंका जलसंस्थान का पुतला

गंगोलीहाट, जेएनएन : शालीखेत पंपिंग योजना में खराब पड़े विद्युत ट्रांसफार्मर के ठीक होने का इंतजार कर रहे लोगों का सब्र अब जवाब देने लगा है। 9 दिनों से पेयजल आपूर्ति ठप होने से गुस्साए व्यापारियों ने बुधवार को जलसंस्थान का पुतला दहन कर आक्रोश प्रकट किया। व्यापारियों ने अविलंब आपूर्ति बहाल नहीं किए जाने पर जलसंस्थान दफ्तर में धरना-प्रदर्शन करने की धमकी दी है।

बुधवार को नगर के मुख्य चौराहे पर व्यापार मंडल अध्यक्ष हरीश धानिक के नेतृत्व में एकत्र व्यापारियों ने जलसंस्थान के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने कहा कि शालीखेत पंपिंग योजना में दो ट्रांसफार्मर लगाए हैं। जिनमें से एक रिजर्व रखा गया है, मगर वह भी विगत छह माह से खराब पड़ा है। वहीं, दूसरा ट्रांसफार्मर विगत 9 दिनों से खराब है। जिसे विभाग द्वारा अभी तक ठीक नहीं किया गया है। आपूर्ति बहाल करने के नाम पर लोगों को सिर्फ आश्वासन पर आश्वासन दिए जा रहे हैं। नलों में पानी नहीं आने से लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का पूरा दिन टैंकरों व प्राकृतिक स्रोतों में लंबी लाइन में लगकर ही बीत जा रहा है। इससे बोर्ड परीक्षार्थियों की पढ़ाई में भी व्यवधान उत्पन्न हो रहा है। व्यापारियों ने कहा कि यदि तीन दिन के भीतर आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो व्यापार संघ आम जनता को साथ लेकर जलसंस्थान कार्यालय का घेराव करने को बाध्य होगा। जिसकी समस्त जिम्मेदारी जलसंस्थान की होगी। प्रदर्शन करने वालों में व्यापार संघ कोषाध्यक्ष सुरेश उप्रेती, महासचिव मनीष बिष्ट, नीरज चौधरी, जीवन पांडे, जीवन पंत, प्रदीप पंत, अनिल, सुनीता, धनी राम, कैलाश राम, दिनेश बिष्ट, अभिषेक, हरगोविंद रावल आदि शामिल थे। इधर, जलसंस्थान के जेई रू पेश आर्या ने कहा कि ट्रांसफार्मर में कोर बाइंडिंग का कार्य पूरा कर लिया गया है। गुरू वार से नियमित रू प से आपूर्ति सुचारू कर दी जाएगी।

chat bot
आपका साथी