सीडीओ की ट्रूनेट रिपोर्ट पॉजिटिव, पिथौरागढ़ जिलाधिकारी सहित 47 लोग क्वारंटाइन
सीडीओ के पॉजिटिव आने के बाद पिथौरागढ़ के जिलाधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे सहित 47 लोग क्वारंटाइन हो गए।
पिथौरागढ़, जेएनएन : सीमांत जिले पिथौरागढ़ के जिलाधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे सहित 47 अधिकारी कर्मचारी शनिवार को क्वारंटाइन हो गए। सीडीओ डॉ. सौरभ गहरवार की ट्रूनेट रिपोर्ट पॉजिटिव होने के बाद वे भी होम आइसोलेट हो गए हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी से मिली जानकारी के अनुसार जिलाधिकारी सहित 47 उन अधिकारियों और कर्मचारियों की जांच भेजी गई है जो पिछले दिनों कुमाऊं कमिश्नर के भ्रमण कार्यक्रम के दौरान उनके सम्पर्क में थे। इन सभी की रिपोर्ट कल तक आने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि शनिवार को 10 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें चार लोगों की आरटीपीसीआर रिपोर्ट मिली है जबकि छह लोगों का एंटीजन टेस्ट हुआ था। शनिवार को 30 लोग स्वस्थ होकर घर लौट गए। 183 सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।