नैनीताल में नंदा देवी महोत्सव का भव्य शुभारंभ, आज निकलेगी शोभायात्रा NAINITAL NEWS

श्रीराम सेवक सभा की ओर से 116वां नंदा देवी महोत्सव का मंगलवार को भव्य शुभारंभ हो गया।

By Edited By: Publish:Tue, 03 Sep 2019 07:58 PM (IST) Updated:Wed, 04 Sep 2019 11:37 AM (IST)
नैनीताल में नंदा देवी महोत्सव का भव्य शुभारंभ, आज निकलेगी शोभायात्रा NAINITAL NEWS
नैनीताल में नंदा देवी महोत्सव का भव्य शुभारंभ, आज निकलेगी शोभायात्रा NAINITAL NEWS

नैनीताल, जेएनएन : श्रीराम सेवक सभा की ओर से 116वां नंदा देवी महोत्सव का मंगलवार को भव्य शुभारंभ हो गया। छह दिनी इस महोत्सव के अंतर्गत मां नंदा-सुनंदा की मूर्ति की स्थापना छह सितंबर को ब्रह्ममुहूर्त में होगी। शुभारंभ के बाद भक्तों का दल मां की मूर्ति निर्माण के लिए कदली वृक्ष लेने गौलापार के मल्लाखेड़ा गांव रवाना हुआ। बुधवार को अपराह्न तीन बजे से कदली वृक्षों के साथ शहर में शोभायात्रा निकाली जाएगी। श्रीराम सेवक सभा मंच पर मुख्य अतिथि सांसद अजय भट्ट, विधायक संजीव आर्य, पालिकाध्यक्ष सचिन नेगी, डीएम सविन बंसल, एसएसपी सुनील कुमार मीणा ने देवी आह्वान के साथ महोत्सव का शुभारंभ किया। पुरोहित भगवती प्रसाद जोशी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ देवी पूजन कराया। इस दौरान रामलीला के कलाकारों ने गणेश वंदना व स्कूली बच्चों ने लोकसंस्कृति पर आधारित गीत एवं नृत्य प्रस्तुत किए, जबकि बागेश्वर के छलिया कलाकारों ने ढोल दमाऊं की थाप व मशकबीन की धुन पर नृत्य कर वाहवाही बटोरी।

नैनीताल की आंतरिक सड़कों के लिए एक करोड़ की घोषणा
सांसद अजय भट्ट ने नंदा देवी को उत्तराखंड की कुलदेवी बताते हुए कहा कि महोत्सव की परंपरा संजोए रखा जाए, इसके लिए सरकारी स्तर पर जो भी मदद की जरूरत होगी, दिलाई जाएगी। उन्होंने आयोजक संस्था को पांच लाख तथा सेवा समिति के अधूरे कार्य को पूरा करने के लिए पांच लाख और देने की घोषणा की। विधायक संजीव आर्य ने महोत्सव को राजकीय मेला घोषित करने की मांग की। साथ ही विधायक निधि से आयोजक संस्था को पांच लाख तथा नैनीताल की आंतरिक सड़कों के लिए एक करोड़ रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि नारायण नगर में बहुमंजिला पार्किग के लिए 85 करोड़, रूसी गांव में सीवर ट्रीटमेंट प्लांट की क्षमता बढ़ाने के लिए 65 करोड़ के अलावा कोसी पंपिंग योजना का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। बलियानाला ट्रीटमेंट के लिए भी उन्होंने सांसद से अनुरोध किया। संचालन हेमंत बिष्ट, नवीन पाण्डे व मीनाक्षी कीर्ति ने किया। ये रहे मौजूद श्रीराम सेवक सभा अध्यक्ष मनोज साह, महासचिव राजेंद्र साह, उपाध्यक्ष अनूप शाही, पूर्व अध्यक्ष मुकेश जोशी मंटू, जगदीश बवाड़ी, हिमांशु जोशी, मुकुल जोशी, कमलेश ढौंडियाल, हिमांशु जोशी, मोहित सनवाल, प्रो. जीएल साह, प्रो. अजय रावत, पूर्व दर्जा मंत्री शांति मेहरा, विमला अधिकारी, वरिष्ठ भाजपा नेता गोपाल रावत, विवेक साह, भानू पंत, शिवशंकर मजुमदार, कुंदन बिष्ट, मुन्नी तिवारी, ममता रावत, भारती साह, सपना बिष्ट, डॉ पल्लवी गहतोड़ी, आनंद सिंह दरम्वाल, मोहित साह, हरीश राणा आदि।

यह भी पढ़ें : बप्पा के बाद अब मां के स्वागत की तैयारी, नंदा देवी महोत्सव आज से NAINITAL NEWS

chat bot
आपका साथी