संगठन में गुटबाजी, नहीं हो पाया कार्यकारिणी का गठन

नैनीताल में कूर्माचल नगर सहकारी बैंक इंप्लाइज यूनियन हल्द्वानी नैनीताल का चौथा अधिवेशन हंगामेदार रहा।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 22 Feb 2020 11:25 PM (IST) Updated:Sun, 23 Feb 2020 06:17 AM (IST)
संगठन में गुटबाजी, नहीं हो पाया कार्यकारिणी का गठन
संगठन में गुटबाजी, नहीं हो पाया कार्यकारिणी का गठन

जागरण संवाददाता, नैनीताल: कूर्माचल नगर सहकारी बैंक इंप्लाइज यूनियन हल्द्वानी नैनीताल का चौथा अधिवेशन हंगामेदार रहा। यूनियन में आपसी मतभेद कर्मियों की बातों और विचारों में साफ देखने को मिले। गुटबाजी के कारण कुछ बैंक कर्मचारियों ने कुछ पदाधिकारियों पर उपेक्षा व भेदभाव पूर्ण व्यवहार कर प्रमोशन रोकने तक के आरोप लगा दिए। साथ ही चुनाव के आधार पर कार्यकारिणी गठन करने की मांग की। विरोधी कर्मियों को समझाने बुझाने के लिए देर शाम तक बैठक चलती रही, लेकिन कोई नतीजा नही निकल पाया। जिस कारण नई कार्यकारिणी का गठन नही हो पाया।

शनिवार को कूर्माचल नगर सहकारी बैंक इंप्लाइज यूनियन के चौथे अधिवेशन का मल्लीताल शैले हॉल में आयोजन हुआ। जिसमें प्रदेश की 41 शाखाओं से 247 सदस्यों ने प्रतिभाग किया। अधिवेशन में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे उत्तरांचल बैंक यूनियन के अध्यक्ष प्रवीण साह, महासचिव राजकुमार सक्सेना, विशिष्ट अतिथि बहादुर सिंह बिष्ट, व्यापार मंडल अध्यक्ष तल्लीताल भुवन लाल साह, रामसेवक सभा अध्यक्ष मनोज साह ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम की शुरूआत की। इस दौरान वेतन पुनर्निर्धारण, रिक्त पदों को भरने के साथ ही कर्मचारी हितों पर चर्चा की गई। उत्तरांचल बैंक यूनियन अध्यक्ष प्रवीण साह ने कहा कि नोटबंदी के दौरान कर्मियों ने जी-तोड़ मेहनत की लेकिन सरकार की ओर से कोई प्रोत्साहन नहीं मिला। उन्होंने कहा कि कर्मियों की वेतन बढ़ोत्तरी, सप्ताह में पांच दिन कार्यदिवस घोषित करने, एनपीएस को खत्म करने समेत अन्य मांगों को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर आवाज उठाई जा रही है। आगामी 11 से 13 मार्च तक बैंक कर्मी हड़ताल पर रहेंगे। यदि फिर भी मांग पूरी नहीं हुई तो पहली अप्रैल से बेमियादी हड़ताल की जाएगी।

इस दौरान कुर्माचल नगर सहकारी बैंक इंप्लाइज यूनियन हल्द्वानी के अध्यक्ष पूरन लाल साह, महासचिव संजीव कुमार साह, जितेंद्र सती, सुरेंद्र साह, विनोद बिष्ट, संजीव राणा, अनुराधा चौधरी, सरिता थापा, नरेंद्र बिष्ट समेत काफी संख्या में बैंक कर्मी मौजूद रहे।

-----------

इंसेट

आरोप-प्रत्यारोप की भेंट चढ़ा अधिवेशन

कुर्माचल नगर सहकारी बैंक इंप्लाइज यूनियन का चौथा अधिवेशन विवादों में घिरा रहा। वर्ष 2011 में यूनियन का गठन कर हर तीन वर्ष में अधिवेशन कर सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया जाता रहा है, लेकिन इस वर्ष कुछ कर्मियों ने संगठन पर भेदभावपूर्ण व्यवहार करने का आरोप लगाया। साथ ही चुनाव के आधार पर ही कार्यकारिणी गठित करने की मांग की। निर्वाचन अधिकारी के मौजूद न होने के कारण नई कार्यकारिणी का गठन नही हो पाया। अधिवेशन के दौरान एक महिला कर्मी ने तो मंच से कहा कि वह पदोन्नति की मांग को लेकर संगठन के एक पदाधिकारी के पास गई थी, जहां उनके साथ बेहद निराशाजनक व्यवहार किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि बैंक में महिला कर्मियों के साथ भेदभाव पूर्ण बर्ताव किया जा रहा है।

chat bot
आपका साथी